March 28, 2026

बॉक्स ऑफिस पर छाई 'धुरंधर 2', लगातार तोड़ रही रिकॉर्ड

'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर सुनामी बनकर उभरी है। रणवीर सिंह अभिनीत इस जासूसी एक्शन-थ्रिलर ने रिलीज के महज 9 दिनों के भीतर दुनियाभर में 1,100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर इतिहास रच दिया है। फिल्म का दबदबा घरेलू बॉक्स ऑफिस पर भी कायम है, जहां इसने जवान के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ते हुए नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।

ट्रेड रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने दूसरे शुक्रवार को 41.55 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, जिसके साथ इसका भारत में कुल कलेक्शन 715.72 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिल्म ने पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की ओपनिंग लेकर इतिहास रचा था और यह ऐसा करने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बन गई। अनुमान है कि दूसरे वीकेंड में भी फिल्म की कमाई 50-50 करोड़ रुपये से ऊपर बनी रह सकती है।

वैश्विक स्तर पर भी फिल्म का जलवा कायम है। हालिया आंकड़ों के अनुसार, 'धुरंधर 2' ने दुनिया भर में कुल 1,128.99 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है। खास बात यह है कि यह मुकाम फिल्म ने खाड़ी देशों में रिलीज हुए बिना ही हासिल किया है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आर माधवन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी समेत कई दमदार कलाकार नजर आए हैं।

वहीं, इसके साथ रिलीज हुई उस्ताद भगत सिंह बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती दिख रही है। पवन कल्याण की इस फिल्म ने 9 दिनों में भारत में केवल 67.97 करोड़ रुपये का कारोबार किया है और 100 करोड़ का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई है। 'धुरंधर 2' की जबरदस्त सफलता के बीच इस फिल्म की रफ्तार लगातार धीमी पड़ती नजर आ रही है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.