April 14, 2026

मुख्यमंत्री ने भीमराव अंबेडकर को दी श्रद्धांजलि, शालीमार बाग में दो वॉटर एटीएम का किया उद्घाटन

नई दिल्ली, 14 अप्रैल । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर अंबेडकर राष्ट्रीय स्मारक में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि बाबा साहब का संघर्षमय जीवन और उनके विचार हमारी सरकार की सेवा यात्रा के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में हम बाबा साहब के सामाजिक न्याय के स्वप्न को साकार करने के लिए पूरी संवेदनशीलता से कार्य कर रहे हैं। हमारी सरकार दलितों, पिछड़ों और वंचितों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता मानती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब के ‘शिक्षित बनो’ के आह्वान को आधार बनाकर हम वंचित वर्ग के बच्चों के लिए आधुनिक शिक्षा के अवसर सुनिश्चित कर रहे हैं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उनके आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम बाबा साहब के समानता और सम्मान के आदर्शों के अनुरूप एक ऐसी समावेशी दिल्ली के निर्माण के लिए कृतसंकल्पित हैं, जहां हर नागरिक को आगे बढ़ने का समान अवसर मिले।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण और कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने आज अंबेडकर जयंती के अवसर पर शालीमार बाग विधानसभा के जीपी ब्लॉक एवं बेरीवाला बाग ब्लॉक में वॉटर एटीएम का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि वार्ड संख्या 55, 56 और 57 में 7 स्थानों पर स्थापित ये वॉटर एटीएम सुनिश्चित करेंगे कि हर परिवार तक स्वच्छ पेयजल सम्मानपूर्वक पहुंचे। वॉटर एटीएम की प्रति घंटे 2000 लीटर शुद्ध पानी की उपलब्धता है। वाटर एटीएम कार्ड के माध्यम से प्रति व्यक्ति प्रतिदिन 20 लीटर पेयजल ले सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शालीमार बाग को आदर्श विधानसभा बनाने के लिए हमारा काम लगातार जारी है, ताकि हर नागरिक को सुविधा भी मिले, सम्मान भी मिले और विकास हर घर तक पहुंचे।

इस अवसर पर पार्षद अनीता जैन, अमित नागपाल, जिलाध्यक्ष अजय खटाना, मंडल अध्यक्ष नीतीश जैन, नरेश जैन उपस्थित रहे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.