April 16, 2026

विश्व बैंक की ‘वॉटर फॉरवर्ड’ पहल, एक अरब लोगों को सुरक्षित जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य

वॉशिंगटन, 16 अप्रैल । विश्व बैंक ने वैश्विक जल संकट से निपटने के लिए एक महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की है। ‘वॉटर फॉरवर्ड’ नामक इस कार्यक्रम का उद्देश्य अगले चार वर्षों में एक अरब लोगों को सुरक्षित और विश्वसनीय जल उपलब्ध कराना है।

विश्व बैंक के अनुसार, इस पहल के तहत जल आपूर्ति प्रणाली को मजबूत करने के साथ-साथ सूखा और बाढ़ जैसी आपदाओं से निपटने की क्षमता बढ़ाई जाएगी। बैंक ने बताया कि वह अपनी वित्तीय सहायता और तकनीकी विशेषज्ञता के जरिए वर्ष 2030 तक लगभग 40 करोड़ लोगों तक बेहतर जल सेवाएं पहुंचाने में मदद करेगा, जबकि बाकी सहायता साझेदार संस्थानों के सहयोग से दी जाएगी।

इस कार्यक्रम में कई अंतरराष्ट्रीय संस्थान शामिल होंगे, जिनमें क्षेत्रीय विकास बैंक, अंतरराष्ट्रीय विकास के लिए ओपेक फंड और न्यू डेवलपमेंट बैंक जैसी संस्थाएं भी शामिल होंगी। हालांकि, इस पहल के लिए कुल निवेश राशि का खुलासा अभी नहीं किया गया है।

विश्व बैंक ने कहा कि दुनिया की करीब आधी आबादी, यानी लगभग चार अरब लोग, जल संकट का सामना कर रहे हैं। इसके पीछे कमजोर नीतियां, अपर्याप्त नियम और वित्तीय रूप से अस्थिर जल आपूर्ति प्रणालियां मुख्य कारण हैं, जो निवेश और सुधार की गति को धीमा करती हैं।

फिलहाल 14 देशों ने इस कार्यक्रम के तहत अपने जल क्षेत्र में सुधार करने और इसे मजबूत बनाने का संकल्प लिया है। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल बुनियादी ढांचे के बजाय शासन व्यवस्था और प्रबंधन सुधार पर ध्यान देना इस पहल की खासियत है।

विशेषज्ञ डेविड मिशेल ने इसे सकारात्मक कदम बताया, लेकिन साथ ही चेतावनी दी कि इस योजना को लागू करने में कई चुनौतियां सामने आ सकती हैं।

विश्व बैंक का मानना है कि मजबूत जल प्रणाली न केवल लोगों की बुनियादी जरूरतों को पूरा करती है, बल्कि आर्थिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन के लिए भी बेहद जरूरी है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.