April 16, 2026

आयुर्वेद सरल, सस्ता और प्रभावी घरेलू उपाय एलोवेरा और हल्दी फेस पैक के इस्तेमाल की सलाह देता है।

मुंबई 16 अप्रैल: गर्मियों में बढ़ते तापमान और प्रदूषण से चेहरे पर दाग-धब्बे, मुंहासे और फीकी त्वचा की समस्या आम हो गई है। महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स और पार्लर ट्रीटमेंट पर हजारों रुपए खर्च करने के बावजूद स्थायी निखार नहीं मिल पाता। ऐसे में आयुर्वेद सरल, सस्ता और प्रभावी घरेलू उपाय एलोवेरा और हल्दी फेस पैक के इस्तेमाल की सलाह देता है। आयुष मंत्रालय के अनुसार, एलोवेरा और हल्दी दोनों ही त्वचा के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। इनका मिश्रण त्वचा को गहराई से पोषण देता है, सूजन कम करता है और मुंहासों तथा दाग-धब्बों से छुटकारा दिलाता है। यह नेचुरल फेस पैक गर्मियों में त्वचा की देखभाल के लिए बेहद कारगर है। इसके नियमित इस्तेमाल से दाग-धब्बे कम होते हैं, त्वचा हाइड्रेट रहती है और प्राकृतिक चमक वापस आती है।

एलोवेरा विटामिन ए, सी, ई और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होता है। यह त्वचा को नमी प्रदान करता है, जलन और सूजन कम करता है। साथ ही सनबर्न से राहत देता है। वहीं, हल्दी में करक्यूमिन नामक तत्व होता है, जो एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुणों से युक्त है। यह मुंहासे, दाग-धब्बे, झुर्रियां कम करता है और त्वचा को निखारता है। दोनों को मिलाकर बनाया गया फेस पैक त्वचा को डिटॉक्स करता है, डेड स्किन हटाता है, पोर्स साफ करता है और प्राकृतिक ग्लो लाता है। यह हाइपरपिगमेंटेशन और बढ़ती उम्र की निशानियों को भी कम करने में मदद करता है।

खास बात है कि ये पैक घर पर ही आसानी से बनाया जा सकता है। इसके लिए 2 बड़े चम्मच ताजा एलोवेरा जेल लें। इसमें आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर मिलाएं। वैकल्पिक रूप से 1 चम्मच शहद या दही भी डाल सकते हैं। इसे अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब चेहरे को साफ करने के बाद इस पैक को 10-15 मिनट के लिए लगाएं। फिर गुनगुने पानी से धो लें। हफ्ते में 2-3 बार इस्तेमाल करने से चेहरा चमकदार और मुलायम हो जाता है। गर्मियों में त्वचा की देखभाल के लिए एलोवेरा और हल्दी का यह घरेलू पैक महंगे उत्पादों से बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।हालांकि, कुछ सावधानी भी बरतें जैसे संवेदनशील त्वचा वाले लोग सावधानी से इस्तेमाल करें। 

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.