April 23, 2026

नेपाल में भारतीय केले के आयात पर प्रतिबंध का असर, कीमत 350 रुपये दर्जन |

काठमांडू, 23 अप्रैल । नेपाल सरकार के भारतीय केले के आयात पर रोक लगाए जाने के बाद देश में केले की कीमत 350 रुपये दर्जन पहुंच गई है। इतना ही नहीं बाजार से केला गायब हो गया है।

काठमांडू के केला व्यापारियों का कहना है कि भारतीय केले के आयात पर प्रतिबंध से इसका सीधा असर बाजार कीमतों पर पड़ा है। बाजार में मांग की तुलना में आपूर्ति कम होने के कारण केले की कीमतों में असामान्य बढ़ोतरी हुई है।

उपभोक्ताओं के अनुसार, खुदरा बाजार में एक दर्जन केले की कीमत 350 रुपये तक पहुंच गई है। बाजार में केले की आपूर्ति कम होने के कारण थोक स्तर पर केला बेचने वाले काठमांडू के कुलेश्वर फल मंडी के कुछ थोक दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद तक कर दी हैं।

फल व्यवसायी दिलीप राउत ने कहा, “स्थानीय उत्पादन से मांग पूरी नहीं हो पा रही है। केले की कमी के कारण हमें कुछ दुकानें बंद करनी पड़ी हैं। हम काफी परेशानी में हैं। खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है।”

व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द ही आपूर्ति व्यवस्था सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में केले की कीमतें और बढ़ सकती हैं, जिससे उपभोक्ताओं और कारोबारियों दोनों की मुश्किलें बढ़ेंगी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.