April 27, 2026

अराघची ओमान से लौटकर दोबारा इस्लामाबाद पहुंचे |

इस्लामाबाद, 27 अप्रैल । तेहरान ने वाशिंगटन के साथ युद्ध को खत्म करने के लिए अपने कूटनीतिक प्रयास तेज कर दिए हैं। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात के बाद रविवार को ईरान के विदेशमंत्री अब्बास अराघची रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने के लिए रूस रवाना हो गए। अराघची ओमान से लौटकर दोबारा इस्लामाबाद पहुंचे। उन्होंने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक को सारी स्थिति से अवगत कराया।

अल जजीरा, दुनिया न्यूज और सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, आसिम मुनीर और अराघची की मुलाकात पर ईरान के सरकारी मीडिया ने कोई चर्चा नहीं की है। पाकिस्तान के एक राजनयिक सूत्र ने जरूर कहा कि संभवतः अगली बातचीत में जरूर कोई न कोई हल निकल सकता है। अगले दौर की वार्ता में ईरान और अमेरिका के अलावा खाड़ी देश के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस में सोमवार को वे राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। इस मुलाकात में बातचीत की स्थिति पर चर्चा होगी। इससे पहले, इस सप्ताहांत अराघची पाकिस्तान और ओमान में अहम मध्यस्थों से मुलाकात कर चुके हैं। अराघची ने पहले कहा था कि यह साफ नहीं है कि वाशिंगटन "कूटनीति को लेकर सचमुच गंभीर है या नहीं," क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूतों के पाकिस्तान दौरे की योजना रद्द कर दी है।

ट्रंप ने कहा कि बातचीत फोन पर जारी रहेगी। यह बात उन्होंने तब कही जब ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर चल रहे तनाव के बीच अमेरिकी वार्ताकारों से सीधे मुलाकात करने से इनकार कर दिया। ट्रंप ने रविवार को कहा, "अगर वे बात करना चाहते हैं, तो वे हमारे पास आ सकते हैं, या वे हमें फोन कर सकते हैं।" उन्होंने इस बात को दोहराया कि युद्ध "बहुत जल्द खत्म हो जाएगा।"

ईरान के विदेशमंत्री ने कहा कि तेहरान ने युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने के उद्देश्य से एक व्यावहारिक रूपरेखा के संबंध में अपना पक्ष प्रस्तुत किया है। अब यह देखना बाकी है कि क्या अमेरिका वास्तव में कूटनीति को आगे बढ़ाने के प्रति गंभीर है। उल्लेखनीय है कि इस्लामाबाद की अपनी पिछली यात्रा के दौरान ईरानी विदेशमंत्री ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से मुलाकात की थी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.