April 29, 2026

पाकिस्तान दौरे के लिए जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम का ऐलान, युवा खिलाड़ियों को मौका

नई दिल्ली, 29 अप्रैल । जिम्बाब्वे क्रिकेट ने बुधवार को पाकिस्तान के आगामी सफेद गेंद दौरे के लिए अपनी महिला टीम की घोषणा की। इसके लिए जिम्बाब्वे ने कई युवा खिलाड़ियों को टीम में मौका दिया है।

जिम्बाब्वे क्रिकेट के अनुसार 15 खिलाड़ियों की इस टीम में 10 नए चेहरे हैं, जो युवा विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भविष्य की प्रतिस्पर्धात्मकता की दिशा में साहसिक बदलाव का संकेत देते हैं।

दौरे के लिए जिम्बाब्वे महिला टीम की टेक्निकल डायरेक्टर स्टीव मैंगोंगो ने कहा कि ये बदलाव सोच-समझकर किए गए और जरूरी भी थे क्योंकि टीम फ्यूचर टूर्स प्रोग्राम (एफटीपी) क्रिकेट की जरूरतों के हिसाब से बदल रही है। उन्होंने कहा कि यह जरूरी है कि अपने खिलाड़ी आधार को व्यापक बनाते हुए युवा प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाएं।

उन्होंने कहा कि टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफिकेशन से चूकने के बाद हमने ईमानदारी से देखा कि हम कहां हैं। उन्होंने कहा कि नई प्रतिभाओं को सामने लाने का यह सही समय है। अब हमारे पास काम करने के लिए एक बड़ा पूल है क्योंकि हम एफटीपी और आने वाले क्वालिफायर को देख रहे हैं।

मैंगोंगो ने इस बात पर जोर दिया कि चयन प्रक्रिया सिर्फ प्रतिभा की पहचान तक ही सीमित नहीं रहती, इसमें शारीरिक फिटनेस और दीर्घकालिक खिलाड़ी विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि हाई परफॉर्मेंस प्रोग्राम के अंतर्गत हमारे मुख्य उद्देश्यों में से एक सर्वांगीण एथलीटों का विकास करना है। हम सबने देखा है कि महिलाओं का खेल कैसे बदला है, खासकर बैटिंग और फील्डिंग में। हमें विश्वास है कि ये युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने कदम रखते हुए जल्दी सीखेंगी और महिला क्रिकेट में गहराई और विविधता लाएंगी।

जिम्बाब्वे महिला टीम का यह पाकिस्तान का पहला दौरा होगा। इस दौरे पर टीम कुल छह मैच (तीन वनडे और तीन टी20) खेलेगी। सभी मैच कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में खेले जाएंगे। तीन, छह और नौ मई को होने वाली वनडे सीरीज आईसीसी महिला चैम्पियनशिप 2025-2029 का हिस्सा है, जबकि टी20 मैच 12, 14 और 15 मई को खेले जाएंगे।

पाकिस्तान दौरे के लिए जिम्बाब्वे महिला टीम :

नोमवेलो सिबांडा (कप्तान), बिलव्ड बिजा, ओलिन्दर चारे, कुदजई चिगोरा, मेलिंडा काचिंगवे, लिंडोकुहले माभेरा, प्रेशियस मारांगे, मिशेल मावुंगा, नताशा माउंटोम्बा, क्रिस्टीना मुतासा, विम्बई मुतुंगविंडु, केलिस नधलोवु, केली नदिरया, रुन्यारारो पासिपनोड्या, एडेल जिमुनु।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.