April 30, 2026

वन विभाग की टीम पर हमला करने वाले चार आराेपित गिरफ्तार एक फरार

जगदलपुर, 30 अप्रैल । जिले के थाना काेतवाली के संजय बाजार में अवैध रूप से तोते के बच्चों की बिक्री के दौरान वन विभाग की टीम पर हमला किए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि एक आरोपित अब भी फरार है जिसकी तलाश जारी है। वनमण्डलाधिकारी बस्तर के निर्देश पर उपवनमण्डलाधिकारी जगदलपुर द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। साथ ही आरोपितों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। अवैध तोता व्यापार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और वीडियो साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि वन विभाग को 27 अप्रैल की दोपहर लगभग 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली थी कि संजय मार्केट में वन्यप्राणी तोते के बच्चों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र अधिकारी कोलेंग एवं उड़नदस्ता प्रभारी के नेतृत्व में निदेशक कांगेर घाटी नेशनल पार्क के मौखिक निर्देश पर टीम गठित कर मौके पर पहुंची। सत्यापन के दौरान सब्जी विक्रेता विक्रम मजूमदार के पास से 15 तोते बरामद किए गए, जिनमें 14 प्लम हेडेड पैराकीट तथा 1 रोज रिंग पैराकीट शामिल थे। वन विभाग की टीम द्वारा विधिवत जब्ती की कार्रवाई की जा रही थी, तभी आरोपित ने भीड़ एकत्रित कर जांच दल प्रमुख अक्षय कश्यप पर हमला कर दिया और बरामद तोते के बच्चों को लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस विभाग को दी गई। काेतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठाैर ने गुरुवार काे बताया कि वन विभागके जांच दल प्रमुख अक्षय कश्यप की शिकायत पर संबंधित आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने घटना के शुरुआती घंटों में ही कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दो अन्य आरोपियों को आज गुरूवार काे पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। एक आरोपित अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.