May 08, 2026

एस्टन विला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को नॉटिंघम फॉरेस्ट को 4-0 से हराकर यूरोपा लीग के फाइनल में प्रवेश कर लिया।

बर्मिंघम, 08 मई । एस्टन विला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को नॉटिंघम फॉरेस्ट को 4-0 से हराकर यूरोपा लीग के फाइनल में प्रवेश कर लिया। दो चरणों के सेमीफाइनल में एस्टन विला ने कुल 4-1 से जीत दर्ज की।

अब फाइनल में एस्टन विला का सामना फ्राइबर्ग से 20 मई को इस्तांबुल में होगा। फ्राइबर्ग ने दूसरे सेमीफाइनल में ब्रागा को 3-1 से हराकर कुल 4-3 से मुकाबला अपने नाम किया।

पहले चरण में 0-1 से पिछड़ने के बाद कोच उनाई एमरी की टीम ने घरेलू मैदान विला पार्क में आक्रामक शुरुआत की। मैच के 36वें मिनट में ओली वॉटकिंस ने एमिलियानो बुएंदिया के शानदार मूव के बाद आसान गोल कर टीम को बढ़त दिलाई।

दूसरे हाफ के 58वें मिनट में एमिलियानो बुएंदिया ने पेनल्टी पर गोल दागकर बढ़त दोगुनी कर दी। नॉटिंघम के खिलाड़ी निकोला मिलेंकोविच द्वारा पाउ टोरेस की जर्सी खींचने पर रेफरी ने पेनल्टी दी थी।

इसके बाद कप्तान जॉन मैकगिन ने 77वें और 80वें मिनट में लगातार दो गोल कर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। उनके गोल के बाद स्टेडियम में मौजूद करीब 43 हजार दर्शक खुशी से झूम उठे। मुकाबला देखने पहुंचे ब्रिटेन के प्रिंस विलियम भी एस्टन विला की जीत का जश्न मनाते नजर आए।

एस्टन विला ने 1982 में यूरोपीय चैंपियन का खिताब जीता था, जबकि टीम ने आखिरी बार 1996 में लीग कप जीतकर कोई बड़ी ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब चार बार यूरोपा लीग जीत चुके उनाई एमरी की नजर इंग्लिश क्लब के साथ पहली बार यह खिताब जीतने पर होगी।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.