May 26, 2026

घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार में गिरावट का सामना करने के बाद रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है।

नई दिल्ली, 26 मई । घरेलू शेयर बाजार आज शुरुआती कारोबार में गिरावट का सामना करने के बाद रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से पहले 15 मिनट के कारोबार के बाद ही सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक रिकवरी कर हरे निशान में पहुंच गए। इसके बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में बाजार को बिकवाली का झटका भी लगा, जिससे इन दोनों सूचकांकों की चाल में दोबारा गिरावट का रुख बन गया। हालांकि थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने दोबारा लिवाली शुरू कर दी, जिससे दोनों सूचकांकों की स्थिति में सुधार होने लगा। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.07 प्रतिशत और निफ्टी 0.13 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से टीएमपीवी, कोल इंडिया, एटरनल, अदानी एंटरप्राइजेज और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर 2.63 प्रतिशत से लेकर 0.73 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, कोटक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, मैक्स हेल्थकेयर और अपोलो हॉस्पिटल के शेयर 0.93 प्रतिशत से लेकर 0.77 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,996 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,054 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 942 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 14 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 28 शेयर हरे निशान में और 22 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 264.82 अंक की कमजोरी के साथ 76,224.14 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिसकी वजह से पहले 15 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक उछल कर हरे निशान में 76,616.02 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली होने की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली गिरावट भी आई, लेकिन सुबह 10 बजे के करीब खरीदारों ने दोबारा लिवाली का जोर बना दिया। खरीदारी के सपोर्ट से इस सूचकांक की चाल में एक बार फिर तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 55.69 अंक की बढ़त के साथ 76,544.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 27.60 अंक टूट कर 24,004.10 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी शुरू हो जाने के कारण पहले 15 मिनट के कारोबार में ही यह सूचकांक रिकवरी कर 24,077.20 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बिकवाली का झटका लगने के कारण इस सूचकांक की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई। हालांकि सुबह 10 बजे के बाद खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 31.95 अंक की मजबूती के साथ 24,063.65 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 1,073.61 अंक यानी 1.42 प्रतिशत की मजबूती के साथ 76,488.96 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 312.40 अंक यानी 1.32 प्रतिशत की उछाल के साथ 24,031.70 अंक के स्तर पर सोमवार के कारोबार का अंत किया था।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.