May 26, 2026

मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण, नेताओं ने दी बधाई, विकास, सुशासन की उपलब्धियां गिनाईं

नई दिल्ली, 26 मई । केंद्र में नरेन्द्र मोदी की सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर देशभर के नेताओं ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। नेताओं ने इन 12 वर्षों को राष्ट्रसेवा, सुशासन, आत्मनिर्भरता, गरीब कल्याण और भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला काल बताया।उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ने की कामना की।

केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुनराम मेघवाल ने कहा कि 26 मई 2014 को नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की शपथ लेकर राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के एक नए युग की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने विकास, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नरेन्द्र मोदी की सरकार के ऐतिहासिक और गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत विकास, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के नए शिखरों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रधानमंत्री मोदी को 140 करोड़ देशवासियों की आशाओं का प्रतीक बताते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, सांस्कृतिक गौरव और डिजिटल क्रांति के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक मंच पर निर्णायक नेतृत्व कर रहा है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ सेवा, सुशासन और जनविश्वास की नई कार्यसंस्कृति को अपनाया। स्वच्छ भारत अभियान, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और महिला सशक्तीकरण की योजनाओं ने देश को नई दिशा दी है।

दिल्ली के कैबिनेट मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने संकल्प से सिद्धि तक की गौरवशाली यात्रा तय की है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला, जन-धन, आयुष्मान भारत और पीएम आवास जैसी योजनाओं ने अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का काम किया है।

भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने मोदी सरकार के 12 वर्षों को नए भारत के निर्माण का स्वर्णिम काल बताया। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आत्मनिर्भरता, डिजिटल क्रांति और वैश्विक पहचान के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।

भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि 26 मई 2014 भारतीय राजनीति और राष्ट्र निर्माण के इतिहास में एक महत्वपूर्ण दिन है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आधारभूत संरचना, डिजिटल इंडिया, गरीब कल्याण और वैश्विक कूटनीति में नई सफलता प्राप्त की है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 में 26 मई को नरेन्द्र मोदी ने देश के प्रधानमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.