May 29, 2026

भारत-अमेरिका, दोनों देश एक अंतरिम समझौते के करीब पहुंच गये हैं।

न्यूयॉर्क, 29 मई । भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने अमेरिकी व्यापार जगत के प्रतिनिधियों से कहा है कि भारत की अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर जारी बातचीत में ‘‘उत्साहजनक प्रगति’’ हुई है और दोनों देश इस पर एक अंतरिम समझौते के करीब पहुंच गये हैं।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार रात को यहां अंतरराष्ट्रीय व्यापार जगत के दिग्गजों के साथ बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री ने ‘एक्स’ पोस्ट पर बताया कि उन्होंने न्यूयॉर्क में एक गोलमेज बैठक के दौरान 50 से ज्यादा वैश्विक व्यापार और उद्योग जगत के नेताओं के साथ बातचीत की। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का आयोजन अमेरिका के न्यूयॉर्क में स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने अमेरिकी-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच (यूएसआईएसएफ) के सहयोग से किया था।

पीयूष गोयल ने कहा कि गोलमेज बैठक में वैश्विक कारोबारियों के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की मजबूत विकास गाथा, सुधार-आधारित कारोबारी माहौल और वैश्विक निवेशकों के लिए बढ़ते अवसरों पर प्रकाश डाला तथा साझा समृद्धि के लिए भारत-अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश, नवाचार और आपूर्ति-श्रृंखला से जुड़ी साझेदारियों को और अधिक गहरा करने के तरीकों पर चर्चा की।

गोयल ने उद्योग जगत के कई प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कीं। मॉर्गन स्टैनली के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टेड पिक के साथ बैठक में उन्होंने भारत में दीर्घकालिक निवेश और संस्थागत साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा की। उन्होंने वारबर्ग पिंकस के चेयरमैन चिप केय के साथ वैश्विक निवेश परिदृश्य और भारत के उभरते आर्थिक अवसरों पर विचार-विमर्श किया।

गोयल ने कहा कि एमनील फार्मास्यूटिकल्स के सह-संस्थापक एवं सह-सीईओ चिंटू पटेल के साथ बैठक में भारत के दवा क्षेत्र में निवेश एवं नवाचार को बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा हुई। इसके अलावा मास्टरकार्ड के सीईओ माइकल मीबैक के साथ गोयल ने डिजिटल वाणिज्य, डिजिटल सुरक्षा और नयी पीढ़ी की भुगतान प्रणालियों में सहयोग बढ़ाने पर विचार किया।

यूएसआईएसपीएफ ने भी एक बयान में कहा कि पीयूष गोयल ने इस बात पर जोर दिया कि निवेशकों का विश्वास, कारोबार की स्थिरता और मजबूत नियामकीय माहौल भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

इससे पहले 25 से 27 मई के दौरान पीयूष गोयल के नेतृत्व में 150 से अधिक सदस्यों का व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल कनाडा गया था, जहां वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने निवेश आकर्षित करने, सहयोग बढ़ाने और प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते को गति देने के प्रयास किए।

उल्लेखनीय है कि अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल दल 1 से 4 जून, 2026 के बीच भारत के दौरे पर नई दिल्ली आएगा। इस दौरान दोनों देश के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के मसौदे को अंतिम रूप दिया जाएगा और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत बाजार पहुंच, गैर-शुल्क उपायों एवं सीमा शुल्क सुगमता जैसे मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ाई जाएगी।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.