June 04, 2026

मणिपुर में हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद, उग्रवादी कैडर गिरफ्तार

इम्फाल, 04 जून । मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस द्वारा बीते 24 घंटे के दौरान चलाए गए अलग-अलग अभियानों में भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किए गए हैं। साथ ही प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों के सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया है तथा एक व्यक्ति को संदिग्ध प्रतिबंधित दवाओं के साथ पकड़ा गया है।

गुरुवार को दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों ने 03 जून को इम्फाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र के एक झोपड़ीनुमा ठिकाने पर तलाशी अभियान चलाकर दो एके राइफल, एक एसएलआर राइफल, एक 9 एमएम कार्बाइन, चार हैंड ग्रेनेड, तीन मैगजीन तथा विभिन्न कैलिबर के 42 राउंड गोला-बारूद बरामद किए।

इसी दिन एक अन्य अभियान में इम्फाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के सावोम्बुंग खुंजाओ स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निकट से प्रतिबंधित संगठन प्रीपाक के सक्रिय कैडर थांगजाम नंगबा मैतेई उर्फ इनाओ उर्फ लीशाबी (23) को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक चारपहिया वाहन तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई।

वहीं, चंदेल जिले के मोलचाम थाना क्षेत्र में खांगतुंग गांव के निकट सीमा स्तंभ संख्या-67 के आसपास चलाए गए अभियान में केसीपी, केवाईकेएल और प्रीपाक संगठनों के चार सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान मयांगलाम्बम गांधी सिंह, लांगपोकलाकपम सुशील सिंह, लैतोंजाम कान्हेइया सिंह तथा कांगजाम नरेश मैतेई के रूप में हुई है।

एक अन्य कार्रवाई में मणिपुर पुलिस ने थौबल जिले के लिलोंग थाना क्षेत्र स्थित लिलोंग डैम के पास तलाशी एवं जांच अभियान के दौरान एमएम वारिश (33) नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसके पास से 115 ग्राम वजन की संदिग्ध एसपी (सेराटियोपेप्टिडेस) कैप्सूल की 18 स्ट्रिप तथा एक दोपहिया वाहन बरामद किया गया।

सुरक्षा एजेंसियों ने बताया कि राज्य में उग्रवाद और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.