आईसीसी ने रॉड टकर को 100वें टेस्ट में अंपायरिंग पूरी करने पर दी बधाई
नई दिल्ली, 04 जून । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने ऑस्ट्रेलिया के वरिष्ठ अंपायर रॉड टकर को उनके 100वें टेस्ट मैच में ऑन-फील्ड अंपायरिंग पूरी करने पर बधाई दी है। टकर ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे आईसीसी विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप शृंखला के पहले टेस्ट मैच के दौरान हासिल की।
रॉड टकर टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में 100 टेस्ट मैचों में अंपायरिंग करने वाले केवल चौथे अंपायर बन गए हैं। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में पूर्व आईसीसी टेस्ट अंपायर इयान गोल्ड ने उन्हें स्मृति चिह्न के रूप में एक क्रिस्टल ट्रॉफी भेंट की।
आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने रॉड टकर को बधाई देते हुए कहा कि वह विश्व क्रिकेट के सबसे सम्मानित अंपायरों में शामिल हैं और अपनी निरंतरता, निष्पक्षता और दबाव में शांत रहकर मैच संचालन करने की क्षमता के लिए पहचाने जाते हैं।
जय शाह ने कहा, “100 टेस्ट मैचों का यह पड़ाव दर्शाता है कि क्रिकेट प्रशासकों ने वर्षों तक उन पर कितना भरोसा जताया है। उनका अनुभव अमूल्य रहा है और वह दुनिया भर के अंपायरों के लिए प्रेरणा हैं।”
अपनी उपलब्धि पर रॉड टकर ने कहा कि क्रिकेट हमेशा से उनका जुनून रहा है और अंतरराष्ट्रीय अंपायर के रूप में इतने लंबे करियर को वह अपने लिए सौभाग्य मानते हैं।
टकर ने कहा, “100वें टेस्ट में अंपायरिंग करना मेरे लिए सपने के सच होने जैसा है। मैं आईसीसी, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया, न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट अंपायर्स एंड स्कोरर्स एसोसिएशन, अपने सहयोगियों और परिवार का आभारी हूं। उनके सहयोग के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।”
रॉड टकर अब अलीम डार (145 टेस्ट), स्टीव बकनर (128 टेस्ट) और रूडी कोएर्टजन (108 टेस्ट) के साथ टेस्ट क्रिकेट के प्रतिष्ठित “100 टेस्ट क्लब” में शामिल हो गए हैं।
टकर को वर्ष 2010 में एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल ऑफ अंपायर्स में शामिल किया गया था और उन्होंने उसी वर्ष फरवरी में हैमिल्टन में न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच अपना पहला टेस्ट मैच कराया था।
अंपायर बनने से पहले रॉड टकर ऑस्ट्रेलिया के लिए घरेलू क्रिकेट में न्यू साउथ वेल्स और तस्मानिया की ओर से खेलने वाले सीम गेंदबाजी ऑलराउंडर रहे। उन्होंने 1986 से 1999 के बीच 103 प्रथम श्रेणी मैचों में 5076 रन बनाए और 123 विकेट लिए।
रॉड टकर द्वारा अंपायरिंग किए गए प्रमुख आईसीसी टूर्नामेंट:
पुरुष क्रिकेट विश्व कप: 2011, 2015, 2019, 2023
चैम्पियंस ट्रॉफी: 2013, 2017, 2025
पुरुष टी20 विश्व कप: 2009, 2010, 2012, 2014, 2016, 2021, 2022, 2024 और 2026
उन्होंने 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी फाइनल और 2016 टी20 विश्व कप फाइनल में भी अंपायरिंग की थी।