June 11, 2026

सीएम हेल्पलाइन : एक कॉल, त्वरित सुनवाई और प्रभावी कार्रवाई

रायपुर, 11 जून । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का सशक्त माध्यम बन रहा है। यह हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच संवाद को अधिक सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने के साथ-साथ नागरिकों की शिकायतों, समस्याओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

मुख्यमंत्री साय द्वारा 9 जून को सीएम हेल्पलाइन के शुभारंभ के बाद इसके सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। कोरबा शहर के पंपहाउस क्षेत्र निवासी रामकुमार साहू ने अपने क्षेत्र में लगातार हो रही विद्युत वोल्टेज (अप-डाउन) की समस्या को लेकर सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि विद्युत आपूर्ति में बार-बार उतार-चढ़ाव होने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

साहू ने शाम लगभग 4 बजे मोबाइल फोन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही विद्युत विभाग ने तत्परता दिखाते हुए मामले पर त्वरित कार्रवाई की। विद्युत विभाग की टीम ने 100 के.व्ही.ए. क्षमता के डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफार्मर के न्यूट्रल की समस्या को ठीक कर समस्या का निराकरण किया। शिकायत दर्ज होने के लगभग एक घंटे के भीतर शाम 5 बजकर 09 मिनट पर विद्युत व्यवस्था सामान्य हो गई।

शिकायत दर्ज करने के एक घंटे के भीतर अपनी समस्या के त्वरित समाधान से संतुष्ट रामकुमार साहू ने छत्तीसगढ़ सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से अब आम नागरिकों की आवाज सीधे शासन तक पहुंच रही है। उन्होंने बताया कि शिकायत दर्ज करते समय उनकी समस्या को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया गया।

उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे शासन की इस जनहितैषी व्यवस्था का अधिकाधिक उपयोग करें और अपनी समस्याओं, शिकायतों को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से दर्ज कराएं। साहू ने नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू की गई इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.