June 15, 2026

पुलिस ने शातिर ठग को किया गिरफ्तार, किराये पर ट्रेलर वाहन लेकर रायपुर में बेचा

रायगढ़, 15 जून । थाना कोतरारोड़ पुलिस ने ट्रेलर वाहन को किराये पर लेकर उसे बेच देने के धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपित सुदामा प्रधान उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर आज साेमवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजा है। आरोपित ने फर्जी नाम एवं पहचान का इस्तेमाल कर वाहन स्वामी को विश्वास में लेकर ट्रेलर वाहन हासिल किया और बाद में उसे बेचकर रकम का गबन कर लिया।

पीड़ित हरदीप सिंह निवासी गोरखा, थाना कोतरारोड़ द्वारा थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि लगभग दो वर्ष पूर्व उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति का कॉल आया जिसने स्वयं को राकेश डनसेना बताते हुए ट्रेलर वाहन किराये पर लेने की इच्छा जताई। बातचीत एवं मुलाकात के बाद वाहन का मासिक किराया 80,000 रुपये तय हुआ तथा 07 नवंबर 2024 को किरायानामा निष्पादित किया गया। आरोपित द्वारा एचडीएफसी बैंक का एक ब्लैंक चेक भी अमानत स्वरूप दिया गया, जिसमें हस्ताक्षर के स्थान पर राकेश लिखा गया था। वाहन प्राप्त करने के कुछ दिनों बाद आरोपित का मोबाइल बंद हो गया तथा न तो वाहन का किराया दिया गया और न ही वाहन वापस किया गया।

पीड़ित द्वारा स्वयं की गई पड़ताल में पता चला कि जिस व्यक्ति ने अपना नाम राकेश डनसेना बताया था उसका वास्तविक नाम सुदामा प्रधान उर्फ छोटू निवासी ग्राम गहलोई, थाना पुसौर है तथा बैंक खाता भी उसी के नाम पर संचालित है। इस प्रकार आरोपित द्वारा फर्जी नाम-पते का उपयोग कर वाहन किराये पर लेकर धोखाधड़ी किए जाने पर थाना कोतरारोड़ में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामला वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आने पर थाना प्रभारी कोतरारोड़ निरीक्षक शील आदित्य सिंह को आरोपित की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। थाना प्रभारी द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया तथा आरोपित की लगातार पतासाजी की गई। जांच के दौरान आरोपित के गांव में पूछताछ करने पर जानकारी मिली कि सुदामा प्रधान पूर्व में भी कई व्यक्तियों के साथ धोखाधड़ी कर चुका है।

कोतरारोड़ एवं कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा रविवार काे आरोपित को हिरासत में लेकर विस्तृत पूछताछ की गई। आरोपित के मेमोरेंडम कथन में उसने बताया कि वह बीए तक शिक्षित है तथा चालक पवन सिंह, राजवीर सिंह, गुरप्रीत सिंह एवं हरदीप सिंह को विगत पांच-छह वर्षों से जानता है। सभी लोग एनटीपीसी लारा में ट्रेलर वाहनों का संचालन करते थे। आरोपित ने खुलासा किया कि वर्ष 2024 में उसने अपने साथी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर हरदीप सिंह की ट्रेलर वाहन को किराये पर लेकर बेच देने की योजना बनाई थी।

योजनानुसार गुरप्रीत सिंह ने हरदीप सिंह को एनटीपीसी में वाहन चलाने के नाम पर वाहन किराये पर देने के लिए तैयार किया। आरोपी सुदामा प्रधान ने स्वयं को राकेश डनसेना बताकर हरदीप सिंह से संपर्क किया तथा प्रतिमाह 80,000 रुपये किराया तय किया। विश्वास अर्जित करने के उद्देश्य से 07 नवबंर 2024 को राकेश डनसेना निवासी छपोरा, तहसील पुसौर के नाम से 50 रुपये के स्टाम्प पर फर्जी किरायानामा तैयार किया गया तथा एचडीएफसी बैंक का हस्ताक्षरयुक्त ब्लैंक चेक पीड़ित को दिया गया। इसके पश्चात गोरखा स्थित पार्किंग से ट्रेलर वाहन क्रमांक सीजी 15 एसी 4476 को लेकर आरोपित एवं उसका साथी रायपुर चले गए।

पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र स्थित मेंटल पार्क के पास वाहन को हार्स एवं ट्राला सहित एक व्यक्ति को 5 लाख 20 हजार रुपये में बेचा था तथा प्राप्त राशि दोनों आरोपिताें द्वारा आपस में बराबर बांट ली गई। अपने हिस्से की रकम में से लगभग 15 हजार रुपये शेष होना बताया गया। आरोपित ने पूछताछ के दौरान पूर्व में वाहन चोरी एवं मोबाइल चोरी की घटनाओं में भी संलिप्तता स्वीकार की है, जिनकी पृथक जांच की जा रही है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.