दिल्ली सरकार 22 जून से शुरू करेगी एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण अभियान
नई दिल्ली, 17 जून । दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से 22 जून से "एक पेड़ मां के नाम : दिल्ली मेगा वृक्षारोपण अभियान" शुरू करने जा रही है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि 70 लाख पौधों के लक्ष्य के साथ यह पहल दिल्ली के ग्रीन कवर को बढ़ाने, प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को सशक्त करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अभियान के अंतर्गत पौधे दिल्ली सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सभी से पर्यावरण प्रहरी के रूप में इस जनभागीदारी आधारित पहल से जुड़ने और हरित दिल्ली के निर्माण में अपना योगदान देने की अपील की है।
इस अभियान के तहत ‘ई-फॉरेस्ट ग्रीन ड्राइव पोर्टल’ लॉन्च किया जाएगा जिसके माध्यम से नागरिक केवल अपना मोबाइल नंबर, नाम और पता दर्ज कर पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण कराने वाले लोगों को निःशुल्क पौधा, वृक्षारोपण के लिए स्लॉट बुकिंग की सुविधा, जियो-टैग्ड फोटो अपलोड करने का विकल्प तथा ‘ग्रीन वॉरियर ई-सर्टिफिकेट’ प्रदान किया जाएगा।
इस अभियान के तहत जागरूकता अभियान के दौरान ‘वृक्ष रथ’ के माध्यम से 4 जुलाई तक विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रमों की लाइव स्ट्रीमिंग और डिजिटल सहभागिता के जरिए अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत जुलाई के प्रथम सप्ताह में होगी। इस दौरान दिल्ली सरकार ‘मेगा रिज प्लांटेशन ड्राइव’ आयोजित करेगी, जिसके तहत 2.5 लाख पौधे लगाए जाएंगे। वृक्षारोपण कार्यक्रम पीबीजी ग्राउंड, सेंट्रल रिज, साउथ सेंट्रल रिज, नानकपुरा रिज समेत अन्य रिज क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे।
तीसरे चरण में जुलाई के मध्य में ‘मेगा प्लांटेशन प्रोग्राम’ का आयोजन किया जाएगा। इसमें राजधानी के 51 स्थानों पर एक साथ वृक्षारोपण किया जाएगा, जिसमें लगभग 11 हजार लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। रोहिणी स्थित स्वर्ण जयंती पार्क इस अभियान का प्रमुख केंद्र होगा।
दिल्ली सरकार ने नागरिकों से ‘एक पेड़ मां के नाम’ और ‘एक पेड़ दिल्ली के ग्रीन कवर के नाम’ लगाने और अधिक से अधिक संख्या में अभियान से जुड़ने की अपील की।