केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गोलघर में चलाया स्वच्छता अभियान, एमएलए फ्लैट परिसर में किया पौधारोपण
पटना, 17 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर बुधवार को राजधानी पटना में स्वच्छता अभियान, पौधारोपण कार्यक्रम और ‘प्रगति पथ यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्य रूप से भाग लिया और प्रधानमंत्री के “स्वच्छ, हरित एवं विकसित भारत” के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पटना स्थित ऐतिहासिक गोलघर पार्क परिसर में स्वच्छता अभियान से हुई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, विभिन्न जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए परिसर की साफ-सफाई की तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता अभियान को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वच्छता को केवल सरकारी योजना न बनाकर जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। उन्होंने कहा कि “स्वच्छ भारत अभियान” के माध्यम से देशभर में नागरिकों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आया है और भारत स्वच्छता के क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री एमएलए फ्लैट परिसर में आयोजित पौधारोपण कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और हरित भविष्य के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी पौधारोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
पौधारोपण कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने लोगों से अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
इसके बाद केंद्रीय मंत्री के नेतृत्व में ‘प्रगति पथ यात्रा’ का आयोजन किया गया, जो नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा पथ से प्रारंभ होकर मुक्तिधाम, जेपी गंगा पथ, पटना घाट, पीएमसीएच के नए भवन होते हुए अटल पथ गोलंबर से दीघा तक पहुंची। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए।
इस यात्रा का उद्देश्य केंद्र सरकार और बिहार में हुए विकास कार्यों, आधारभूत संरचना के विस्तार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना बताया गया।
कार्यक्रम में विधायक संजीव चौरसिया, रत्नेश कुशवाहा, संजय कुमार गुप्ता, प्रदेश महामंत्री सरोज रंजन पटेल, प्रीति शेखर, राजेश झा, धनराज शर्मा, नितिन अभिषेक, पूर्व विधायक पवन जायसवाल, जिला अध्यक्ष रूप नारायण मेहता सहित बिहार प्रदेश के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए जन-जागरण अभियान को और तेज करने का आह्वान किया।