प्रधानमंत्री 20-21 जून को पश्चिम बंगाल दौरे पर, पीएम-किसान की 23वीं किस्त जारी करेंगे
नई दिल्ली, 19 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 20 और 21 जून को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह हुगली जिले में पश्चिम बंग दिवस समारोह में भाग लेंगे, विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे, किसानों के लिए कई केंद्रीय कृषि योजनाओं की शुरुआत करेंगे तथा 21 जून को कोलकाता में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार 20 जून को प्रधानमंत्री हुगली जिले के तारकेश्वर में आयोजित पश्चिम बंगाल दिवस समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वह रेलवे, कृषि, ग्रामीण विकास, मत्स्य पालन और पशुपालन क्षेत्रों से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे तथा जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) की 23वीं किस्त जारी करेंगे। इसके तहत 18,880 करोड़ रुपये से अधिक की राशि किसानों के खातों में भेजी जाएगी। पश्चिम बंगाल में 45 लाख से अधिक किसानों को 900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलेगी।
प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) की शुरुआत करेंगे। वर्ष 2026-27 में इस योजना के तहत राज्य के लगभग 50 लाख किसानों और 14 लाख हेक्टेयर कृषि भूमि को बीमा सुरक्षा प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा डिजिटल एग्रीकल्चर मिशन के तहत ‘एग्रीस्टैक’, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन और प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना का भी शुभारंभ किया जाएगा।
प्रधानमंत्री दक्षिण 24 परगना जिले के फ्रेजरगंज में आधुनिकीकृत मत्स्य बंदरगाह तथा बीरभूम जिले के सैंथिया में नए आधुनिक मछली बाजार का उद्घाटन करेंगे। वहीं नदिया जिले के हरिणघाटा में बकरियों के लिए क्षेत्रीय वीर्य उत्पादन प्रयोगशाला और वीर्य बैंक का भी लोकार्पण करेंगे, जो पूर्वी भारत की अपनी तरह की पहली सुविधा होगी।
रेलवे क्षेत्र में लगभग 590 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को भी गति मिलेगी। प्रधानमंत्री हावड़ा जिले की सांकराइल-सांतरागाछी लिंक लाइन परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही हावड़ा में 300 बिस्तरों वाले नए संभागीय रेलवे अस्पताल और पूर्व मेदिनीपुर जिले में हाउर-राधामोहनपुर रेल उपरिगामी पुल (आरओबी) की आधारशिला रखेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई-III) के तहत विकसित 49 सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, जिनकी कुल लंबाई 315 किलोमीटर से अधिक है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों की संपर्क व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री 21 जून को कोलकाता के रेड रोड पर आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस वर्ष योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) रखी गई है। प्रधानमंत्री हजारों योग साधकों के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल सत्र में भाग लेंगे और लोगों को संबोधित करेंगे।
इसके बाद प्रधानमंत्री कोलकाता स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट पर स्वदेशी रूप से डिजाइन और निर्मित तीन नौसैनिक जहाजों— आईएनएस दुनागिरि, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय— को भारतीय नौसेना में शामिल करेंगे। भारतीय नौसेना के युद्धपोत डिजाइन ब्यूरो द्वारा डिजाइन किए गए इन जहाजों का निर्माण कोलकाता स्थित गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स ने 200 से अधिक एमएसएमई की भागीदारी के साथ किया है। इन जहाजों में 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का उपयोग किया गया है, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।