June 22, 2026

घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख बना हुआ है।

नई दिल्ली, 22 जून। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान मजबूती का रुख बना हुआ है। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलते ही मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक की चाल में थोड़ी गिरावट भी आई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही खरीदारों ने मोर्चा संभाल लिया। खरीदारों की लिवाली की वजह से दोनों सूचकांकों की चाल में सुधार होने लगा। सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.52 प्रतिशत और निफ्टी 0.55 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।

10 बजे तक का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से एटरनल, भारती एयरटेल, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, एनटीपीसी और नेस्ले के शेयर 2.22 प्रतिशत से लेकर 1.03 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक्नोलॉजी और एचडीएफसी बैंक के शेयर 6.75 प्रतिशत से लेकर 2.41 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,783 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,011 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 772 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 20 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 10 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 357.77 अंक की मजबूती के साथ 77,160.67 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली की वजह से यह सूचकांक फिसल कर 77,008.02 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में तेजी आ गई। पहले 10 मिनट के कारोबार में ही सेंसेक्स उछल कर 77,249.27 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इसके बाद एक बार फिर बिकवाली का दबाव बनने की वजह से इस सूचकांक की चाल में मामूली कमजोरी आ गई। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 398.81 अंक की तेजी के साथ 77,201.71 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी में आज 93.50 अंक उछल कर 24,106.60 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही लिवालों और बिकवालों के बीच खींचतान शुरू हो गई, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में भी उतार-चढ़ाव होने लगा। बिकवाली का दबाव बनने पर निफ्टी 24,073.15 अंक के स्तर तक गिर गया, वहीं खरीदारी का सपोर्ट मिलने पर इसने 24,148.70 अंक तक छलांग भी लगाई।

बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 132.20 अंक की मजबूती के साथ 24,145.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 607.08 अंक यानी 0.78 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 76,802.90 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 154.90 अंक यानी 0.64 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,013.10 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.