June 24, 2026

नेपाल में पूर्व वित्त मंत्री विष्णु पौडेल की गिरफ्तारी को यूएमएल ने बताया राजनीतिक प्रतिशोध और गैरकानूनी

काठमांडू, 24 जून । सीपीएन यूएमएल ने पार्टी के उपाध्यक्ष विष्णु पौडेल गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए इसे राजनीतिक प्रेरित, प्रतिशोधपूर्ण और गैरकानूनी करार दिया है। पुूर्व वित्त मंत्री विष्णु पौडेल को सोमवार को सुर्खेत जिले से मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने आगे की जांच के लिए उन्हें सात दिनों तक हिरासत में रखने की अनुमति भी दे दी है।

बुधवार को आयोजित पार्टी सचिवालय की नौवीं बैठक में उनकी बिना शर्त और तत्काल रिहाई की मांग की गई। बैठक में देशभर के पार्टी सदस्यों और समर्थकों से राज्य तंत्र के कथित अधिनायकवादी, प्रतिशोधात्मक और भेदभावपूर्ण इस्तेमाल के खिलाफ राजनीतिक प्रतिरोध और जन-जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान भी किया गया। बैठक के बाद जारी बयान में यूएमएल ने कहा कि वह इस गिरफ्तारी को राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर चुनौती देगा। पार्टी का आरोप है कि गिरफ्तारी बिना किसी ठोस तथ्य या प्रमाण के की गई और इसका उद्देश्य केवल राजनीतिक प्रतिशोध लेना है।

पार्टी ने विशेष अदालत के उस निर्णय पर भी असहमति जताई, जिसमें जांच अवधि के दौरान पौडेल को हिरासत में रखने की अनुमति दी गई। पार्टी का कहना है कि यह आदेश न्याय के सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं और न्याय के पक्ष में खड़े आम नागरिकों से भी देशव्यापी अभियान में शामिल होने की अपील की गई। पार्टी का कहना है कि यह अभियान राज्य एजेंसियों के किए जा रहे मनमाने और भेदभावपूर्ण कदमों के विरोध में चलाया जाएगा।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.