June 24, 2026

नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ, श्रद्धालुओं ने आयोजन को सामाजिक और आध्यात्मिक जागरण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

धमतरी, 24 जून । डोंगेश्वर धाम देवपुर में विश्व शांति, मानव कल्याण एवं आध्यात्मिक जागरण के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ, मां गायत्री प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा एवं प्रज्ञा पुराण कथा का शुभारंभ भव्य मंगल जल कलश यात्रा के साथ हुआ।

आयोजन में आसपास के 24 गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं परिजन शामिल हुए। शांतिकुंज हरिद्वार के प्रतिनिधियों के मार्गदर्शन में संपन्न हो रहे इस धार्मिक आयोजन में श्रद्धा प्रज्ञा जन जागरण समिति देवपुर के अध्यक्ष बिसहत राम साहू, उपाध्यक्ष पारसमणि साहू सहित समिति के पदाधिकारी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक सक्रिय रूप से सहभागी बने हुए हैं। नव निर्मित भव्य गायत्री मंदिर में आयोजित इस महायज्ञ के शुभारंभ अवसर पर हनुमान मंदिर से विशाल शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने मंगल कलश धारण कर नगर भ्रमण किया।

शोभायात्रा के मेला स्थल पहुंचने के बाद पावन प्रज्ञा पुराण कथा का आयोजन हुआ। तीन दिवसीय इस आध्यात्मिक महोत्सव में नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ, मां गायत्री की प्राण प्रतिष्ठा, प्रज्ञा पुराण कथा, संध्या दीप महायज्ञ एवं विभिन्न वैदिक संस्कारों का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अध्यक्ष बिसहत राम साहू, प्रमुख सदस्य पारसमणि साहू एवं पूर्णानंद साहू ने बताया कि क्षेत्रवासियों और धर्मप्रेमी नागरिकों के सहयोग से निर्मित यह गायत्री मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं होगा, बल्कि आने वाले समय में जनजागरण, व्यक्तित्व निर्माण, परिवार सशक्तीकरण तथा सामाजिक चेतना के विविध कार्यक्रमों का प्रमुख केंद्र बनेगा।

उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन का लाभ लेने की अपील की है। आयोजन के दूसरे दिन ब्रह्ममुहूर्त में मां गायत्री की प्राण प्रतिष्ठा, नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ, प्रज्ञा पुराण कथा एवं संध्या दीप महायज्ञ संपन्न होगा। वहीं अंतिम दिन 25 जून को नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ, विभिन्न संस्कार, प्रज्ञा पुराण कथा, समापन समारोह तथा ऋषि पुत्रों की विदाई के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया जाएगा।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.