June 26, 2026

मां विंध्यवासिनी धाम के दानपात्रों में गड़बड़ी की शिकायत पर सख्त हुए उपमुख्यमंत्री, बोले- जांच होगी

मीरजापुर, 26 जून । मां विंध्यवासिनी धाम के दानपात्रों में कथित गड़बड़ी की शिकायत अब शासन तक पहुंच गई है। शुक्रवार को विंध्यधाम पहुंचे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और यदि कोई दोषी पाया गया तो उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उपमुख्यमंत्री ने मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। दर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य कॉरिडोर बनने के बाद धाम में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी है, जिससे पूरे क्षेत्र के विकास को गति मिली है। सरकार श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि विंध्याचल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम में हर समय एंबुलेंस उपलब्ध रहेगी तथा क्षेत्र की अन्य स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकताओं को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। दर्शन-पूजन के बाद उपमुख्यमंत्री ने विंध्य कॉरिडोर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए प्याऊ का उद्घाटन किया। इसके उपरांत वह त्रिकोण पथ स्थित अष्टभुजा डाकबंगले के पास पहुंचे, जहां मां पीतांबरा देवी का दर्शन-पूजन किया तथा हवन में शामिल होकर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.