June 30, 2026

हरियाणा के अंबाला में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 4 साल का मासूम, रेस्क्यू में जुटी टीमें

अंबाला, 30 जून । हरियाणा के अंबाला जिले के धन्यौरा गांव में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां करीब 4 साल का मासूम बच्चा खेलते-खेलते 220 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चार साल का मासूम निर्भय अपने पिता मनजीत सिंह के साथ खेत में दादा करनैल सिंह को खाना देने गया था। इसी दौरान वह खेलते हुए बोरवेल के पास पहुंच गया और पैर फिसलने से उसमें जा गिरा। तुरंत जिला प्रशासन को सूचित किया गया। अंबाला के उपायुक्त (डीसी) अजय सिंह तोमर, अंबाला कैंट उपजिलाधिकारी कनिका गोयल सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमें संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं।

बोरवेल करीब 220 फीट गहरा है और करीब 60 फीट की गहराई के बाद पानी भरा हुआ है। इसी कारण बच्चे की स्थिति का सही अंदाजा लगाने में टीमों को काफी परेशानी हो रही है। अंदर की स्थिति देखने के लिए रस्सी के सहारे अंडरवॉटर कैमरे नीचे उतारे गए हैं।

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) टीम के अनुसार कैमरे में बच्चे का एक हाथ ऊपर की ओर दिखाई दिया है, जबकि गर्दन नीचे की तरफ झुकी नजर आई। टीमों ने बच्चे को बाहर निकालने के लिए अब तक कई बार कांटे और कुंडी डालकर प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बोरवेल का पाइप करीब 9 इंच का होने के कारण रेस्क्यू में और भी कठिनाई आ रही है। दोपहर करीब 12:30 बजे टीम ने नए डिजाइन की स्पेशल कुंडी तैयार कराने का फैसला लिया, जिसके लिए वेल्डिंग करवाने टीम अंबाला कैंट भेजी गई।

हादसे के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और बच्चे की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। वहीं निर्भय के पिता मनजीत सिंह बेटे को बचाने की गुहार लगाते हुए बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। बच्चे की मां जसबीर कौर सदमे में हैं।

डीसी अजय तोमर ने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और सेना की टीमें पूरी सावधानी के साथ बचाव कार्य में जुटी हैं। बोरवेल में पानी भरा होने के कारण रेस्क्यू में दिक्कत आ रही है, लेकिन हर संभव तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है।

इस हादसे के बाद अंबाला जिला प्रशासन ने 24 घंटे के भीतर सभी खुले बोरवेल बंद करने के आदेश जारी किए हैं। डीसी ने कहा कि खुला बोरवेल मिलने पर इसे आपराधिक लापरवाही माना जाएगा और संबंधित मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.