फीफा विश्व कप 2026 : 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए अमेरिका ने बोस्निया को हराया, अंतिम-16 में बनाई जगह
सैन फ्रांसिस्को, 02 जुलाई। दस खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए अमेरिका ने बुधवार को बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराकर फीफा विश्व कप 2026 के अंतिम-16 (राउंड ऑफ-16) में प्रवेश कर लिया।
अमेरिका ने पहले हाफ के अंतिम क्षणों में बढ़त हासिल की। फोलारिन बालोगुन ने बॉक्स में मिले मौके का शानदार फायदा उठाते हुए गेंद को गोल में पहुंचाकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई।
हालांकि दूसरे हाफ में अमेरिका को बड़ा झटका लगा। 64वें मिनट में बालोगुन को बोस्निया के खिलाड़ी तारिक मुहरेमोविच पर खतरनाक टैकल करने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया, जिसके बाद अमेरिका को शेष मुकाबला 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।
एक खिलाड़ी कम होने के बावजूद अमेरिका ने बेहतरीन संयम दिखाया और 82वें मिनट में मालिक टिलमैन ने बॉक्स के बाहर से शानदार फ्री-किक पर गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी।
अंत तक बोस्निया वापसी नहीं कर सका और अमेरिका ने मुकाबला जीतकर नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली। अब मॉरिसियो पोचेटिनो की कोचिंग वाली अमेरिकी टीम 7 जुलाई को सिएटल स्टेडियम में होने वाले अंतिम-16 मुकाबले में बेल्जियम का सामना करेगी।