कोच्चि में ब्रिक्स महिला वर्किंग ग्रुप की बैठक में महिला सशक्तीकरण, डिजिटल समावेशन पर होगा मंथन
कोच्चि, 06 जुलाई । केरल के कोच्चि में सोमवार से ब्रिक्स देशों के महिला वर्किंग ग्रुप की चार दिवसीय बैठक शुरू हो रही है। भारत की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन में महिला सशक्तीकरण, डिजिटल एवं आर्थिक समावेशन, नवाचार, नेतृत्व क्षमता और सतत विकास जैसे विषयों पर व्यापक मंथन होगा। सम्मेलन के दौरान सदस्य देशों के प्रतिनिधियों के बीच तकनीकी और मंत्री-स्तरीय बैठकें आयोजित होंगी, जिनमें साझा रणनीति और संयुक्त घोषणापत्र के मसौदे पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तत्वावधान में शाम साढ़े 4 बजे से शुरू होने वाले इस सम्मेलन की थीम "सशक्तीकरण, नवाचार, सहयोग और स्थिरता" रखी गई है। इसमें भारत के अलावा ब्राजील, चीन, रूस, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, इंडोनेशिया, ईरान, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सहित ब्रिक्स के सभी सदस्य देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
सम्मेलन के पहले चरण में छह और सात जुलाई को बोलगट्टी पैलेस और ग्रैंड हयात होटल में महिला वर्किंग ग्रुप की तकनीकी बैठकें होंगी। इनमें महिला सशक्तिकरण से जुड़ी नीतियों, योजनाओं और नवाचारों के साथ डिजिटल प्रौद्योगिकी के उपयोग, आर्थिक अवसरों के विस्तार, वित्तीय समावेशन और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
दूसरे चरण में आठ एवं नौ जुलाई को मंत्री-स्तरीय बैठकें आयोजित होंगी। इनमें भारत का प्रतिनिधित्व केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी करेंगी। सदस्य देशों के मंत्री संयुक्त महिला मंत्री-स्तरीय घोषणापत्र के मसौदे पर विस्तार से विचार-विमर्श करेंगे। सम्मेलन के अंतिम दिन नौ जुलाई को इस घोषणापत्र को अंतिम रूप दिए जाने की संभावना है, जिसमें महिला विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता दर्ज की जाएगी।
सम्मेलन के दौरान महिला नेतृत्व, डिजिटल समावेशन, आर्थिक आत्मनिर्भरता, नवाचार आधारित उद्यमिता तथा स्थानीय स्तर पर महिलाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर विशेष पैनल चर्चाएं भी आयोजित की जाएंगी। इनमें केरल की महिला एवं बाल विकास मंत्री, राज्य के मुख्य सचिव, नीति-निर्माता, विशेषज्ञ और सदस्य देशों के प्रतिनिधि अपने अनुभव साझा करेंगे। साथ ही केरल के सामाजिक विकास मॉडल, स्वयं सहायता समूहों की सफलता तथा महिला सहभागिता के विभिन्न आयामों को भी प्रस्तुत किया जाएगा।
सम्मेलन के अंतर्गत आठ और नौ जुलाई को ग्रैंड हयात होटल परिसर में विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित होगी, जिसमें कौशल विकास, महिला उद्यमिता, वित्तीय समावेशन, नेतृत्व क्षमता निर्माण तथा विभिन्न क्षेत्रों में भारतीय महिलाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके माध्यम से महिला सशक्तीकरण से जुड़े भारत के सफल मॉडलों और नवाचारों को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
ब्रिक्स प्रोटोकॉल के अनुसार मंत्री-स्तरीय बैठकों की कार्यवाही गोपनीय रहेगी। हालांकि सम्मेलन के समापन पर महिला सशक्तीकरण, समावेशी विकास, डिजिटल भागीदारी और वैश्विक सहयोग को मजबूत बनाने के उद्देश्य से साझा रणनीति तथा प्रमुख निष्कर्ष सामने आने की उम्मीद है।
कोच्चि में आयोजित यह सम्मेलन ब्रिक्स देशों के बीच महिला-केंद्रित नीतियों, अनुभवों और सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच माना जा रहा है। इससे महिला सशक्तीकरण और समावेशी विकास के क्षेत्र में सदस्य देशों के बीच सहयोग को और मजबूती मिलने की अपेक्षा है।