July 07, 2026

ऑपरेशन विश्वास: पुलिस ने सभी थाना क्षेत्रों में मोबाइल हैंडओवर कार्यक्रम आयोजित कर 1900 बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए।

नई दिल्ली, 07 जुलाई। दक्षिण-पश्चिम जिला पुलिस ने 'ऑपरेशन विश्वास' के तहते वर्ष 2026 के पहले छह महीनों (1 जनवरी से 30 जून) के दौरान 2400 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 2.5 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है।

दक्षिण पश्चिम जिले के पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने मंगलवार को जानकारी देते हुए बताया कि केवल 1 अप्रैल से 30 जून 2026 के बीच ही जिले में 1790 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इन मोबाइलों को तकनीकी जांच, डिजिटल ट्रैकिंग, फील्ड वेरिफिकेशन और विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर खोजा गया। इसके बाद जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मोबाइल हैंडओवर कार्यक्रम आयोजित कर 1900 बरामद मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को लौटाए गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने दिल्ली पुलिस के प्रयासों की सराहना की।

पुलिस उपायुक्त के अनुसार इस अभियान को सफल बनाने के लिए दक्षिण-पश्चिम जिले की एंटी स्नैचिंग सेल ने विशेष रिकवरी अभियान चलाया। यह अभियान इंस्पेक्टर हरि सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया। टीम में एसआई कमल कांत, एएसआई होशियार सिंह, एएसआई वीरेंद्र कुमार सहित कई पुलिसकर्मी और जिले के सभी थानों का स्टाफ शामिल रहा।

वहीं आंकड़ों के अनुसार, जनवरी से जून 2026 के बीच बरामद किए गए 2400 मोबाइल फोन में से 1236 मोबाइल एंटी स्नैचिंग सेल ने, जबकि 1164 मोबाइल विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने बरामद किए। सभी मोबाइल की कुल अनुमानित कीमत ढाई करोड़ रुपये से अधिक है।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि ऑपरेशन विश्वास का उद्देश्य केवल खोए या चोरी हुए मोबाइल बरामद करना नहीं, बल्कि लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत करना है। आधुनिक तकनीक, डिजिटल ट्रैकिंग, तकनीकी निगरानी और लगातार जांच के जरिए पुलिस खोए हुए मोबाइल तलाशकर उनके वास्तविक मालिकों तक पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.