नड्डा ने केरल के स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूत बनाने का दिया आश्वासन
नई दिल्ली, 07 जुलाई । केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के साथ आभासी बैठक कर राज्य में प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं एवं जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। नड्डा ने केरल सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान, मुफ्त दवा सेवा पहल, मुफ्त डायग्नोस्टिक सेवा पहल, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत स्वास्थ्य मानव संसाधन, चिकित्सा शिक्षा, औषधि नियमन तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक जैसे प्रमुख कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने, गुणवत्तापूर्ण दवाओं एवं जांच सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने, स्वास्थ्य अवसंरचना और मानव संसाधन को मजबूत करने, चिकित्सा शिक्षा में सुधार, दवाओं एवं ब्लड बैंकों की नियामक व्यवस्था को सशक्त बनाने तथा राज्य में खाद्य सुरक्षा प्रणाली को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
मुरलीधरन ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं में राज्य की प्रगति की जानकारी दी। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों से अवगत कराया तथा केंद्रीय सहयोग की आवश्यकता वाले प्रमुख मुद्दों को भी साझा किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
नड्डा ने राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए केरल के स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए भारत सरकार की ओर से निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य परिणाम सुनिश्चित करने के लिए केंद्र–राज्य समन्वय और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के महत्व पर बल दिया।बैठक के अंत में केंद्र और राज्य सरकार ने सभी नागरिकों को सुलभ, किफायती, समान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा जनस्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए निरंतर सहयोग के साथ कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।