July 08, 2026

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बुधवार को निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ अपनी पहली उच्चस्तरीय बैठक की।

काठमांडू, 08 जुलाई । नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने बुधवार को निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों के साथ अपनी पहली उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में औद्योगिक विकास, निवेश माहौल और आर्थिक सुधारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।

प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य अर्थव्यवस्था को गति देना, कारोबार करना आसान बनाना, निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना, नीतिगत और प्रक्रियागत बाधाओं को दूर करना, निजी क्षेत्र का विश्वास बढ़ाना तथा रोजगार और उत्पादन को प्रोत्साहित करना था। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री बालेन शाह ने निजी क्षेत्र को देश के आर्थिक विकास, निवेश विस्तार, रोजगार सृजन और उत्पादन वृद्धि का महत्वपूर्ण साझेदार बताया। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योग-व्यवसाय जगत के सामने मौजूद व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि व्यापार-अनुकूल वातावरण बनाने के लिए सरकार नीतिगत, कानूनी और प्रशासनिक सुधारों को प्राथमिकता देगी। बैठक में निजी क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने उद्योगों को प्रोत्साहन देने, निवेश बढ़ाने, नीतिगत स्थिरता सुनिश्चित करने, सरकारी सेवाओं को सरल और प्रभावी बनाने तथा सरकार और उद्योग जगत के बीच नियमित एवं परिणामोन्मुख संवाद की व्यवस्था करने की मांग की।

प्रधानमंत्री शाह ने कहा कि सरकार निजी क्षेत्र द्वारा दिए गए सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी और संबंधित निकायों के माध्यम से आवश्यक सुधार लागू करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि आर्थिक सुधारों के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए सरकार निजी क्षेत्र के साथ मिलकर काम करेगी। बैठक में शामिल प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस उच्चस्तरीय संवाद से उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, निवेश का माहौल बेहतर होगा, सरकार और निजी क्षेत्र के बीच सहयोग मजबूत होगा तथा व्यापार-अनुकूल नीतियों के निर्माण को नई दिशा मिलेगी।

बैठक में नेपाल उद्योग वाणिज्य महासंघ (एफएनसीसीआई) के अध्यक्ष अञ्जन श्रेष्ठ, उद्योग समिति के अध्यक्ष उज्ज्वल कुमार श्रेष्ठ, नेपाल उद्योग परिसंघ (सीएनआई) के पूर्व अध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल, सीएनआई के महानिदेशक डॉ. घनश्याम ओझा, नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष कमलेश कुमार अग्रवाल तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक मल्होत्रा सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.