अभिनेता अन्नू कपूर की आगामी फिल्म 'उत्तर दा पुत्तर' का बहुप्रतीक्षित टाइटल सॉन्ग रिलीज कर दिया गया है।
अभिनेता अन्नू कपूर की आगामी फिल्म 'उत्तर दा पुत्तर' का बहुप्रतीक्षित टाइटल सॉन्ग रिलीज कर दिया गया है। हास्य, व्यंग्य और जोशीले संगीत से भरपूर यह गीत फिल्म की अनोखी कहानी और उसके मिजाज की झलक पेश करता है। रिलीज से पहले देशभर में इसका विशेष प्रीमियर आयोजित किया गया, जिससे दर्शकों को फिल्म के संगीत से रूबरू होने का अवसर मिला।
फिल्म का टाइटल ट्रैक रोहित शर्मा के संगीत और निर्देशक रविंदर सिवाच के चुटीले बोलों से सजा है, जबकि गायक रोमी ने अपनी दमदार आवाज से इसे खास अंदाज दिया है। फिल्म का दूसरा गीत 'क्यों नहीं होता जैसे चाहूँ मैं' राजा हसन ने गाया और संगीतबद्ध किया है। फिल्म की कहानी "करम बड़े या किस्मत?" जैसे सवाल के इर्द-गिर्द घूमती है और हास्य व व्यंग्य के माध्यम से जीवन, भाग्य और कर्म के रिश्ते को मनोरंजक ढंग से प्रस्तुत करती है।
प्रोमोडोम मोशन पिक्चर्स के बैनर तले संदीप कपूर और प्रिया कपूर द्वारा निर्मित इस फिल्म का लेखन और निर्देशन रविंदर सिवाच ने किया है। फिल्म में अन्नू कपूर के साथ रुखसार रहमान, बृजेंद्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेशु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। 'उत्तर दा पुत्तर' 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।