July 11, 2026

राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।

नई दिल्ली, 11 जुलाई । राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किला को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शनिवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस ने पूरे लाल किला परिसर और आसपास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। बम निरोधक दस्ते, स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कई घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, व्यापक जांच के बाद कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने धमकी को फर्जी करार दिया। अब कॉल करने वाले की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरा फोन सीधे दिल्ली पुलिस को नहीं, बल्कि मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में आया था। कॉल करने वाले ने दावा किया कि दिल्ली के लाल किले में बम लगाया गया है और उसे विस्फोट कर उड़ा दिया जाएगा। सूचना को गंभीरता से लेते हुए मुंबई पुलिस ने तत्काल दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजा।

सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई। संबंधित जिला पुलिस, बम निरोधक दस्ता (बीडीएस), डॉग स्क्वायड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को मौके पर भेजा गया। लाल किले के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई। परिसर में आने-जाने वाले लोगों की गहन जांच की गई, जबकि पूरे स्मारक और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से तलाशी ली गई। कई घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक, संदिग्ध बैग या अन्य आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली और जांच के आधार पर धमकी को अफवाह एवं फर्जी करार दिया।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लिया जाता। इसलिए मानक सुरक्षा प्रक्रिया (एसओपी) के तहत तत्काल तलाशी अभियान चलाया गया। फिलहाल पुलिस धमकी भरी कॉल की तकनीकी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कॉल किस नंबर से की गई, कॉलर की पहचान क्या है और उसने यह फर्जी सूचना किस उद्देश्य से दी। मामले की जांच जारी है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.