July 13, 2026

मदुरै में निजी और सरकारी बस की आमने-सामने टक्कर, पांच यात्रियों की मौत, 41 घायल

मदुरै, 13 जुलाई । मदुरै के पास एक सरकारी बस और एक निजी ओमनी बस की सोमवार तड़के आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक महिला सहित 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल दोनों बसों में सवार 41 यात्रियों को प्राथमिक उपचार के लिए मेलूर सरकारी अस्पताल भेजा गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए मदुरै के राजाजी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

यह हादसा मदुरै जिले के कोट्टामपट्टी के निकट वंजीनगरम गांव के चार लेन वाले राजमार्ग पर हुआ। यह दुर्घटना तड़के उस समय हुई, जब दोनों बसें तेज रफ्तार से आ रही थीं। चेन्नई से मार्थांडम जा रही निजी ओमनी बस जब वंजीनगरम गांव के पास पहुंची, तो चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित बस पहले सड़क के बीच बने डिवाइडर से जोरदार टकरा गई। इसके बाद बस नियंत्रण खोकर विपरीत दिशा की लेन में चली गई और मदुरै से तिरुचिरापल्ली जा रही सरकारी बस से आमने-सामने भीषण रूप से टकरा गई।

सरकारी बस से टकराने के बाद निजी ओमनी बस बाईं ओर मुड़ गई और वंजीनगरम गांव में आम लोगों के उपयोग के लिए बनाए गए यात्री प्रतीक्षालय (बस शेल्टर) से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रतीक्षालय पूरी तरह ढह गया और क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों बसों की आमने-सामने हुई इस भीषण दुर्घटना में दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में यात्रा कर रहे एक महिला सहित 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों बसों में सवार 41 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। कोट्टामपट्टी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए मेलूर सरकारी अस्पताल भेजा।

मेलूर सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मदुरै के राजाजी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। पुलिस ने इस हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में इस पहलू की भी पड़ताल की जा रही है कि कहीं तड़के का समय होने के कारण चालक को नींद आने से यह दुर्घटना तो नहीं हुई। हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।

नगर पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) अभिनव कुमार तथा जिला पुलिस अधीक्षक देवनाथन घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी। इसके साथ ही पुलिस मृतकों की पहचान और उनके विवरण जुटाने में भी लगी हुई है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही मदुरै जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा मेलूर सरकारी अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने उपचाराधीन घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने घायलों को सांत्वना दी और डॉक्टरों से उनके उपचार तथा स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.