July 13, 2026

उत्तर प्रदेश टी20 लीग (यूपीटी20) के चौथे सीजन का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।

कानपुर, 13 जुलाई। उत्तर प्रदेश टी20 लीग (यूपीटी20) के चौथे सीजन का आयोजन 14 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक किया जाएगा। 24 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में 34 मुकाबले खेले जाएंगे, जिनमें 13 डबल हेडर और 8 सिंगल हेडर मैच दिवस शामिल होंगे। यूपी क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने रविवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की।

इस बार पहली बार यूपीटी20 लीग का आयोजन दो शहरों में होगा। टूर्नामेंट का पहला चरण लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां 13 मैच दिवसों में कुल 22 मुकाबले होंगे। इसके बाद प्रतियोगिता का दूसरा चरण कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां शेष 12 मैच खेले जाएंगे।

लीग का उद्घाटन समारोह और पहला मुकाबला लखनऊ में होगा, जबकि फाइनल और समापन समारोह कानपुर में आयोजित किया जाएगा।

रविवार को हुई यूपीसीए गवर्निंग काउंसिल की बैठक में चौथे सीजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। यूपीसीए ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीसीसीआई उपाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला का खेलों के विकास में निरंतर सहयोग और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

यूपीसीए ने अपने बयान में कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राजीव शुक्ला के प्रोत्साहन से पहली बार यूपीटी20 लीग का आयोजन दो शहरों—लखनऊ और कानपुर—में किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक फैसले का उद्देश्य उत्तर प्रदेश में क्रिकेट का विस्तार करना, राज्य के खेल बुनियादी ढांचे का बेहतर उपयोग करना और लीग को अधिक से अधिक दर्शकों तक पहुंचाना है।"

बैठक में टूर्नामेंट के कार्यक्रम, आयोजन स्थल, खिलाड़ी नीलामी, संचालन, प्रतिभा विकास और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यूपीटी20 सीजन-4 की मिनी नीलामी 24 जुलाई 2026 को आगरा में आयोजित होगी, जिसमें छह फ्रेंचाइजियों के लिए 45 खिलाड़ी स्लॉट उपलब्ध रहेंगे।

गवर्निंग काउंसिल ने रिटेंशन नीति, खिलाड़ी चयन प्रक्रिया, कैचमेंट एरिया ट्रायल, सपोर्ट स्टाफ चयन दिशा-निर्देश और मिनी ऑक्शन नियमों को भी मंजूरी दी है, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष रहे।

स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए इस बार भी कैचमेंट एरिया मॉडल जारी रहेगा, जिससे उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के युवा क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना लगातार चौथे सीजन में भी यूपीटी20 लीग के ब्रांड एंबेसडर बने रहेंगे। वहीं लीग का लोकप्रिय आधिकारिक एंथम "खिलाड़ी यहां बनता है" भी इस सीजन में जारी रहेगा।

खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहित करने के लिए इस बार भी कुल 3 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। विजेता टीम को 1 करोड़ रुपये, उपविजेता को 60 लाख रुपये, जबकि अन्य बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को भी आकर्षक नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

यूपीसीए ने इस बार सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देने के लिए "हर बाउंड्री, एक नई हरियाली" अभियान की शुरुआत करने का फैसला किया है। इस पहल के तहत टूर्नामेंट में लगाए जाने वाले हर चौके और हर छक्के पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक-एक पौधा लगाया जाएगा।

यूपीसीए का मानना है कि इस अभियान से क्रिकेट का रोमांच पर्यावरण संरक्षण से जुड़ेगा और युवा पीढ़ी को प्रकृति बचाने के लिए प्रेरणा मिलेगी।

यूपीसीए ने कहा कि उसका उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना और राज्य को देश में क्रिकेट प्रतिभाओं का प्रमुख केंद्र बनाना है। पिछले तीन सफल सीजन के बाद इस बार चौथे संस्करण को लीग का अब तक का सबसे बड़ा, बेहतर और सबसे प्रतिस्पर्धी संस्करण बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.