July 25, 2026

मप्र में भोपाल-इंदौर समेत 35 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 4 दिन तक भारी बारिश के आसार

भोपाल, 25 जुलाई । मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय बना हुआ है। आज शनिवार के लिए प्रदेश के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि करीब 20 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। अब तक प्रदेश में औसतन 13 इंच वर्षा दर्ज की जा चुकी है, जो इस मानसून सीजन के कुल औसत का लगभग 35 प्रतिशत है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे प्रदेश में सक्रिय है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है, वहीं मानसून ट्रफ भी मध्यप्रदेश के ऊपर से गुजर रही है। इसके चलते वातावरण में 80 से 95 प्रतिशत तक नमी बनी हुई है, जिससे कई क्षेत्रों में तेज बारिश की स्थिति बनी हुई है।

इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, झाबुआ, आलीराजपुर, धार, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में भी कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

चार दिनों में सुधरे वर्षा के आंकड़े

बीते चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश में बारिश की कमी काफी हद तक कम हुई है। 20 जुलाई तक सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी, जो अब घटकर 11 प्रतिशत रह गई है। अब तक प्रदेश में औसतन 330.4 मिमी (करीब 13 इंच) बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस समय तक सामान्य रूप से 370.9 मिमी (करीब 14.6 इंच) वर्षा होनी चाहिए थी।

14 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश

प्रदेश के देवास, भोपाल, इंदौर, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, नीमच, आगर-मालवा, भिंड, मंदसौर समेत कुल 14 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है। इनमें देवास सबसे आगे है, जहां अब तक 19.6 इंच वर्षा हो चुकी है। वहीं, प्रदेश के 41 जिलों में अभी भी सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.