August 01, 2026

भारत ने पांच स्वर्ण पदक के साथ अब तक जीते कुल 23 पदक

नई दिल्ली, 01 अगस्त। राष्ट्रमंडल खेल 2026 के नौवें दिन शुक्रवार को भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य सहित कुल छह पदक अपने नाम किए। इसके साथ ही भारत के कुल पदकों की संख्या 23 हो गई और वह पदक तालिका में 10वें स्थान पर पहुंच गया।

दिन की शुरुआत जूडो से हुई, जहां अस्मिता डे ने महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीतकर राष्ट्रमंडल खेलों के इतिहास में जूडो में भारत का पहला स्वर्ण पदक दिलाया। इसके कुछ ही देर बाद हर्ष सिंह ने पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण जीतकर जूडो में भारत की ऐतिहासिक सफलता को आगे बढ़ाया। वहीं यामिनी ने अपने फाइनल मुकाबले में रजत पदक हासिल कर भारत के खाते में एक और पदक जोड़ा।

एथलेटिक्स में तेजस्विन शंकर ने पुरुषों की डेकाथलॉन स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों का पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। इसके बाद पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में भारत ने शानदार डबल पोडियम हासिल किया। नीरज चोपड़ा ने रजत पदक जीता, जबकि यशवीर सिंह ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया।

नौवें दिन के खेलों के बाद ऑस्ट्रेलिया 55 स्वर्ण, 30 रजत और 43 कांस्य सहित 128 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। इंग्लैंड 17 स्वर्ण, 34 रजत और 29 कांस्य के साथ दूसरे तथा कनाडा 17 स्वर्ण, 15 रजत और 21 कांस्य सहित कुल 53 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

वहीं भारत के खाते में अब 5 स्वर्ण, 12 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 23 पदक हैं और वह पदक तालिका में 10वें स्थान पर है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.