August 10, 2026

छत्तीसगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग में वज्रपात, तेज हवाओं के साथ अलर्ट जारी किया है।

रायपुर, 10 अगस्त । छत्तीसगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने रायपुर, दुर्ग, बस्तर और सरगुजा संभाग समेत प्रदेश के कई हिस्सों में वज्रपात (आकाशीय बिजली), तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

छत्तीसगढ़ में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही प्रदेश के 28 से अधिक जिलों में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बने मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के मैदानी, दक्षिणी और उत्तरी हिस्सों में मौसम में तेजी से बदलाव देखा जा रहा है। आने वाले घंटों में कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।

मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज रायपुर, बलौदाबाजार और आसपास के जिलों में आंधी-तूफान के साथ हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। दुर्ग, राजनांदगांव और बेमेतरा जैसे जिलों में भी बादल छाए रहने और तेज बौछारें पड़ने का अनुमान है।बस्तर और सरगुजा संभागों के अंदरूनी और पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें और वज्रपात का ज्यादा खतरा बना हुआ है।

मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनी के अनुसार सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। विभाग ने बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और जल निकायों के पास न रुकने की सलाह दी है।

स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमों को सतर्क कर दिया गया है। आकाशीय बिजली (वज्रपात) के खतरों को देखते हुए ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है। किसानों को खेतों में काम करते समय बारिश या बादलों की गर्जना होने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की हिदायत दी गई है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.