August 14, 2026

शुरुआती कारोबार में गिरावट के बाद रिकवरी मोड में शेयर बाजार, सेंसेक्स और निफ्टी की स्थिति में सुधार का रुख

नई दिल्ली, 14 अगस्त। घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान गिरावट का सामना करने के बाद निचले स्तर से रिकवरी करता हुआ नजर आ रहा है। आज के कारोबार की शुरुआत भी कमजोरी के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की कमजोरी और बढ़ गई। हालांकि पहले 15 मिनट के कारोबार के बाद ही खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इन दोनों सूचकांकों की स्थिति में मामूली सुधार भी हुआ। पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 0.29 प्रतिशत और निफ्टी 0.20 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।

बीएसई का सेंसेक्स आज 176.53 अंक यानी 0.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77,903.43 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण पहले 15 मिनट में ही यह सूचकांक 357.03 अंक टूट कर 77,722.93 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की स्थिति में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच पहले एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 222.70 अंक लुढ़क कर 77,857.26 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 33.95 अंक यानी 0.14 प्रतिशत फिसल कर 24,361.90 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद बिकवालों ने दबाव बना दिया, जिसके कारण यह सूचकांक 90 अंक से अधिक टूट कर 24,304.30 अंक के स्तर तक गिर गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी, जिससे इस सूचकांक की चाल में सुधार होने लगा। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 48.45 अंक की कमजोरी के साथ 24,347.40 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।

अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,793 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 1,358 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 1,435 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से आठ शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 22 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 18 शेयर हरे निशान में और 32 शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आ रहे थे।

शुरुआती एक घंटे का कारोबार होने के बाद स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से अपोलो हॉस्पिटल, एटरनल, अदानी पोर्ट्स, ट्रेंट लिमिटेड और सिप्ला के शेयर 2.79 प्रतिशत से लेकर 0.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड (टीएमपीवी), हिंडाल्को इंडस्ट्रीज, टाटा स्टील, जियो फाइनेंशियल और मैक्स हेल्थकेयर के शेयर 4.96 प्रतिशत से लेकर 1.14 प्रतिशत की कमजोरी के साथ कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।

इसके पहले पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स 113.61 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की मजबूती के साथ 78,079.96 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 40.10 अंक यानी 0.16 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,395.85 अंक के स्तर पर गुरुवार के कारोबार का अंत किया था।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.