August 17, 2026

एनएसयूआई का एनटीए कार्यालय के बाहर प्रदर्शन, एनटीए को भंग करने की मांग

नई दिल्ली, 17 अगस्त । भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में सोमवार को यूजीसी-नेट जून 2026 परीक्षा में अनियमितताओं के खिलाफ राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन में एनएसयूआई के हजारों कार्यकर्ताओं और यूजीसी-नेट अभ्यर्थियों ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई के कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया।

प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने एनटीए को भंग करने और एनटीए के अध्यक्ष के तत्काल इस्तीफे की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा व्यवस्था की लगातार विफलताएं राजनीतिक हस्तक्षेप को दर्शाती हैं और शैक्षणिक संस्थानों की विश्वसनीयता को कमजोर करने में सरकार की भूमिका है।

जाखड़ ने कहा कि यह प्रदर्शन एनटीए द्वारा अंग्रेजी, वाणिज्य और समाजशास्त्र विषयों की पुनः परीक्षा कराने के फैसले के बाद किया गया। जांच में तथ्यात्मक, टंकण, अनुवाद और व्याकरण संबंधी त्रुटियों के साथ-साथ पहले पूछे जा चुके प्रश्नों की महत्वपूर्ण संख्या में पुनरावृत्ति जैसी गंभीर खामियां सामने आई हैं।

विनोद जाखड़ ने कहा कि एनटीए की विफलताओं की कीमत छात्रों को नहीं चुकानी पड़ेगी। उन्होंने मांग की कि एनटीए को भंग किया जाए और एनटीए के अध्यक्ष तत्काल इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि जब तक एनटीए को समाप्त नहीं किया जाता और छात्रों को न्याय नहीं मिलता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.