August 19, 2026

बलरामपुर के कन्हर नदी में लगातार बारिश के कारण स्थिति और गंभीर , 25 घरों का संपर्क कटा

बलरामपुर, 19 अगस्त । उत्तरी छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते बलरामपुर जिले में नदी-नाले उफान पर हैं। रामानुजगंज की जीवनदायिनी कन्हर नदी भी रौद्र रूप में आ गई है। कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी के पानी अब सड़क में बहने लगा है। लगातार बारिश के कारण स्थिति और गंभीर होती जा रही है।

कन्हर नदी में बाढ़ का असर रामानुजगंज क्षेत्र के कई हिस्सों में दिखाई दे रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ निचले इलाकों में पानी का दबाव बढ़ गया है। पलटन घाट के पास कन्हर नदी का जलस्तर बढ़ने से खुरसा नाला पूरी तरह से जलमग्न हो गया है। खुरसा नाले की पुलिया भी पूरी तरह से डूब गई है। पुलिया से करीब 15 फीट ऊपर तक पानी पहुंचने की जानकारी है।

पुलिया जलमग्न होने से उसपार ग्राम पंचायत कनकपुर के अलमागोदाम और लुर्गी के खुटहन पारा की कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। इन दोनों इलाकों के करीब 20 से 25 घरों का रामानुजगंज नगर से सीधा संपर्क कट गया है।

पुलिया के ऊपर पानी होने के कारण ग्रामीण एक ओर से दूसरी ओर नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में रोजमर्रा की जरूरतों के लिए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। खासकर खाद्य सामग्री, दवा और अन्य जरूरी सामान के लिए आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।

फिलहाल क्षेत्र में बारिश का दौर जारी है। ऐसे में कन्हर नदी और आसपास के नालों का जलस्तर और बढ़ने की आशंका बनी हुई है। जब तक पानी का स्तर कम नहीं होता, तब तक जलमग्न पुलिया से आवागमन शुरू करना संभव नहीं होगा।

लगातार बारिश के कारण ग्रामीण इलाकों में कनेक्टिविटी प्रभावित होने से लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ सकती है। प्रशासन और स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

कन्हर नदी में बढ़े जलस्तर को देखते हुए रामानुजगंज पुलिस ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। पुलिस ने लोगों को कन्हर नदी के किनारे जाने से मना किया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नदी का जलस्तर बढ़ने के दौरान अनावश्यक रूप से नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में न जाएं तथा बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित स्थानों पर रहें। लगातार बारिश के बीच नदी का बहाव बेहद तेज होने के कारण किसी भी तरह का जोखिम उठाना खतरनाक हो सकता है।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.