August 24, 2026

मणिपुर के सेनापति जिले के तापहोऊ में सीआरपीएफ का एक जवान घायल

इंफाल, 24 अगस्त । मणिपुर के सेनापति जिले के तापहोऊ इलाके में सोमवार को दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी की घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान घायल हो गया, जबकि कम से कम दो घर जला दिए गए। इस घटना से नागा और कुकी समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया है।

आग की घटना सुबह करीब 4:30 बजे हुई। हथियारबंद लोगों ने कथित तौर पर घरों को निशाना बनाकर आग लगाई, जिससे स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

अधिकारियों के अनुसार, हालात को नियंत्रित करने के दौरान सुबह करीब 10 बजे दो गुटों के बीच गोलीबारी हुई, जिसमें सीआरपीएफ की 36वीं बटालियन के सब-इंस्पेक्टर (जनरल ड्यूटी) प्रदीप सिंह के बाएं पैर में गोली लग गई। उन्हें सेनापति अस्पताल ले जाया गया। यह गोलीबारी अज्ञात उपद्रवियों द्वारा अलग-अलग समुदायों के लोगों के दो घरों को जलाने के बाद हुई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक घर कुकी समुदाय के सदस्य का था, जबकि दूसरा घर पोउमाई नागा समुदाय के सदस्य का था।

हालात को काबू करने और हिंसा को बढ़ने से रोकने के लिए तापहोऊ इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि हथियारबंद कुकी समूह लियांगमाई नागा गांव पर हमला कर रहे थे। वहीं इस घटना के विरोध में लोगों ने सेनापति मुख्यालय के पास नेशनल हाईवे-2 को जाम कर दिया, जो इंफाल को डिमापुर से जोड़ता है। प्रदर्शनकारियों ने हाईवे पर टायर जलाए।

तापहोऊ कुकी विलेज अथॉरिटी ने घर जलाए जाने की घटना की निंदा की और इसे "बेहद निंदनीय, अमानवीय और अस्वीकार्य" बताया। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से दोषियों की पहचान करने और कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

हिंसा की कई घटनाओं के बाद इस इलाके में नागा और कुकी समुदायों के बीच तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ है। इससे पहले 13 मई को नोनी और कांगपोकपी जिलों में दो अलग-अलग जगहों पर अज्ञात हथियारबंद लोगों ने घात लगाकर हमले किए थे। इसमें कई लोगों की मौत हो गयी थी। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव उत्पन्न हुआ था, जो काफी समय तक बना रहा।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.