August 24, 2026

कलेक्टर ने समूह की दीदियों से क्रय की राखियां, बढ़ाया महिलाओं का उत्साह

बलरामपुर, 24 अगस्त ।रक्षाबंधन पर्व को लेकर स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार की गई हस्तनिर्मित राखियां लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। आज सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में लगाए गए राखी स्टॉल पर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी पहुंचीं और समूह की दीदियों से अपने भाइयों के लिए राखियां क्रय की। कलेक्टर को राखियां खरीदते देख महिला समूह की सदस्यों में खुशी और उत्साह नजर आया।

स्टॉल पर धान, चावल और गेहूं जैसे स्थानीय कृषि उत्पादों से तैयार की गई आकर्षक राखियां उपलब्ध थीं। कलेक्टर ने राखियों का अवलोकन कर उनकी सराहना की। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से राखियों के निर्माण, लागत और बिक्री के संबंध में जानकारी भी ली।

कलेक्टर ने महिलाओं के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए स्थानीय उत्पादों को अधिक से अधिक प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्व-सहायता समूह की दीदियों द्वारा स्थानीय संसाधनों से तैयार किए जा रहे उत्पाद उनकी मेहनत, हुनर और आत्मनिर्भरता की पहचान बन रहे हैं।

कलेक्टर ने कहा कि स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं स्थानीय संसाधनों और अपनी रचनात्मकता का उपयोग कर आय के नए साधन तैयार कर रही हैं। ऐसे उत्पाद महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने भी स्टॉल से राखियों की खरीदारी कर महिला समूह की सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। संयुक्त जिला कार्यालय पहुंचे अधिकारी-कर्मचारियों और ग्रामीणों ने भी स्टॉल से राखियां खरीदीं।

स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार इन राखियों की खरीदारी से जहां रक्षाबंधन के पर्व की खुशियां बढ़ रही हैं, वहीं महिला समूहों को अपने उत्पादों के लिए बाजार और आय का अवसर भी मिल रहा है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.