August 25, 2026

गडकरी ने मानकर ट्रस्ट के संदर्भ में कही थी ‘जिम्मेदारी नई पीढ़ी को सौंपने’ वाली बात

नई दिल्ली, 25 अगस्त । ‘अब जिम्मेदारी नई पीढ़ी के हाथों में सौंपने’ से जुड़े केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के बयान को लेकर राजनीतिक बदलाव से जोड़कर लगाई जा रही अटकलों के बीच उनके कार्यालय ने इसका खंडन करते हुए कहा कि गडकरी ने मानकर ट्रस्ट के संदर्भ में यह बात कही थी।

गडकरी के कार्यालय की ओर से मंगलवार को जारी बयान में कहा गया कि गडकरी ने यह टिप्पणी उनके द्वारा स्थापित लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के कामकाज और उसके भविष्य के नेतृत्व को लेकर की थी। बयान में कहा गया कि लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट आदिवासी इलाकों में एकल विद्यालय चलाता है। इसी संदर्भ में गडकरी ने कहा था कि वह अब पहले जितना काम नहीं कर सकते और युवा पीढ़ी को अधिक जिम्मेदारी लेने तथा आगे काम करने का अवसर दिया जाना चाहिए। गडकरी के कार्यालय ने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों ने इस टिप्पणी को उसके वास्तविक संदर्भ से अलग कर राजनीतिक बयान के तौर पर पेश किया, जो गलत है।

बयान में कहा गया कि उनकी बात स्पष्ट रूप से ट्रस्ट के कामकाज और भविष्य के नेतृत्व से संबंधित थी और इसका कोई राजनीतिक संदर्भ नहीं था।

उल्लेखनीय है कि गडकरी ने नागपुर में आयोजित ‘एकलव्य एकल विद्यालय शिक्षक-पर्यवेक्षक प्रशिक्षण वर्ग’ के कार्यक्रम में कहा था कि वह पहले जितना काम नहीं कर पा रहे हैं और अब जिम्मेदारी नई पीढ़ी के हाथों में सौंपने का समय है। उनके इस बयान के बाद इसे राजनीति में संभावित बदलावों से जोड़कर देखा जाने लगा था।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.