August 26, 2026

जशपुर : 150 मोबाइलों की बड़ी सेंधमारी का पर्दाफाश, होटल के सुराग और सीसीटीवी से झारखंड में दबोचा गया शातिर चोर

जशपुर, 26 अगस्त । छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के कुनकुरी में मोबाइल दुकान का शटर काटकर करीब 150 स्मार्टफोन पार करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का जशपुर पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस की विशेष टीम ने मुख्य आरोपित तौसीफ रजा (35 वर्ष) को झारखंड के साहेबगंज जिले से धर दबोचा। आरोपित को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसका दूसरा साथी चोरी के माल समेत फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

वारदात 11 अगस्त की रात कुनकुरी स्थित 'कठौतिया मोबाइल शॉप' में हुई थी। संचालक पंकज कुमार पारिक रोज की तरह रात 9 बजे दुकान बंद कर घर गए थे। अगली सुबह पास के बैंक कर्मी ने शटर खुला देख उन्हें सूचना दी। मौके पर पहुंचकर देखा गया तो शटर के दोनों ताले कटे हुए थे और अंदर रखे लगभग 150 कीमती मोबाइल फोन गायब थे। संचालक की शिकायत पर कुनकुरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 331(4), 305(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। एक पास के होटल से अहम सुराग मिला, जहां वारदात से पहले दो संदिग्धों ने खाना खाया था और संचालक को एक मोबाइल नंबर भी दिया था। डिजिटल साक्ष्यों और नंबर की पड़ताल के बाद आरोपित की पहचान मुर्गीटोली (नारायणपुर, राजमहल, साहेबगंज) निवासी तौसीफ रजा के रूप में हुई।

डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने झारखंड पहुंचकर दबिश दी और तौसीफ को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने कबूला कि वह अपने साथी के साथ मिलकर लंबे समय से मोबाइल दुकानों को निशाना बनाने की फिराक में था। दोनों ने ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई शहरों में दुकानों की रेकी की थी और अंततः कुनकुरी की दुकान को चुना। घटना की रात शटर के ताले काटकर मोबाइल चुराए, कुछ दूर जाकर खाली डिब्बे व कवर झाड़ियों में फेंके और केवल हैंडसेट पिट्ठू बैग में भरकर बस से फरार हो गए।

पुलिस ने आरोपित के पास से वारदात में प्रयुक्त पिट्ठू बैग और उसका निजी मोबाइल जब्त कर लिया है। आरोपित ने खुलासा किया कि चोरी के सभी फोन उसके फरार साथी के पास हैं। पुलिस टीम दूसरे आरोपित को चिन्हित कर उसकी गिरफ्तारी और माल बरामदगी के प्रयास में जुटी है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक राकेश यादव, निरीक्षक गौरव पाण्डेय, उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.