September 01, 2026

नेपाल के त्रिशूली-नारायणी नदी से मिले 321 शव, 280 के फॉरेंसिक परीक्षण और डीएनए की प्रक्रिया शुरू

काठमांडू, 01 सितंबर । नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद त्रिशूली और नारायणी नदी के तटीय क्षेत्रों से मिले ३२१ शवों में से अब तक 280 शवों का फॉरेंसिक परीक्षण और डीएनए नमूना संकलन किया जा चुका है। इन शवों को चितवन के देवघाट स्थित प्रबंधन स्थल पर सुरक्षित तरीके से रखा गया है।

भरतपुर अस्पताल के प्रवक्ता डॉ. रामप्रसाद सापकोटा के अनुसार, २६ अगस्त की रात से ही सुरक्षाकर्मियों द्वारा त्रिशूली नदी से बरामद शवों को अस्पताल लाकर सुरक्षित रखा जा रहा था। २७ अगस्त की सुबह से फॉरेंसिक विशेषज्ञों के नेतृत्व में चिकित्सकों की टीम को तैनात कर शवों की पहचान के लिए आवश्यक फॉरेंसिक जांच, डीएनए सहित जैविक नमूनों का संकलन और रिकॉर्ड रखने का काम शुरू किया गया।

जिला पुलिस कार्यालय चितवन के प्रमुख पुलिस अधीक्षक रामेश्वर पौडेल के अनुसार, अब तक त्रिशूली और नारायणी नदियों से 321 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से 12 शवों की पहचान हो चुकी है और उनके परिजनों ने उन्हें ले लिया है। बरामद शवों में 66 महिलाएं, 116 पुरुष, 7 बालक, 6 बालिकाएं तथा 126 ऐसे शव हैं, जिनकी पहचान या स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस अधीक्षक पौडेल ने बताया कि भविष्य में पहचान सुनिश्चित की जा सके, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार देवघाट स्थित प्रबंधन स्थल पर शवों को सुरक्षित तरीके से रखा गया है। भाद्र 13 को 96, भाद्र 14 को 103 और भाद्र 15 को 81 शवों का प्रबंधन किया गया।

उन्होंने बताया कि नदी किनारे शवों की तलाश अभी भी प्रतिदिन जारी है। नदी से बरामद शवों को भरतपुर अस्पताल लाकर फॉरेंसिक जांच और डीएनए नमूना संकलन के बाद देवघाट स्थित प्रबंधन स्थल पर सुरक्षित तरीके से रखने की प्रक्रिया लगातार जारी है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.