September 07, 2026

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को 2027 वनडे विश्व कप तक इंग्लैंड की पुरुष सीमित ओवर टीम का विशेषज्ञ मेंटर नियुक्त किया गया है।

लंदन, 07 सितंबर । इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन को 2027 वनडे विश्व कप तक इंग्लैंड की पुरुष सीमित ओवर टीम का विशेषज्ञ मेंटर नियुक्त किया गया है। उनकी पहली जिम्मेदारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाला सीमित ओवर दौरा होगा, जिसके बाद टीम दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेगी।

पीटरसन इसके बाद पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू श्रृंखलाओं के दौरान भी टीम के साथ काम करेंगे। अगले 12 महीनों में वह विश्व कप की तैयारियों का हिस्सा रहेंगे। 2027 वनडे विश्व कप दक्षिण अफ्रीका में आयोजित होगा, जबकि जिम्बाब्वे और नामीबिया सह-मेजबान होंगे। दक्षिण अफ्रीका पीटरसन का जन्मस्थान भी है।

पीटरसन मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम के कोचिंग दल का हिस्सा होंगे। इस दल में मार्कस ट्रेस्कोथिक, टिम साउदी, सारा टेलर और जीतन पटेल भी शामिल हैं। पीटरसन इससे पहले आईपीएल टीम दिल्ली कैपिटल्स के साथ मेंटर की भूमिका निभा चुके हैं।

पीटरसन ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के हवाले से कहा, “मुझे बेहद गर्व है कि मुझे दक्षिण अफ्रीका में विश्व कप जीतने के सफर में इस टीम की मदद करने के लिए कहा गया है। 2014 के बाद पहली बार इंग्लैंड की जर्सी पहनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और बेहद खास पल है।”

उन्होंने कहा, “हमारे पास सीमित ओवर क्रिकेट की एक बेहद प्रतिभाशाली टीम है और मैं खिलाड़ियों के साथ कड़ी मेहनत करते हुए उनकी क्षमता को अधिकतम करने के लिए उत्साहित हूं। अगले 12 महीनों तक ब्रेंडन की रणनीतिक टीम का हिस्सा बनना शानदार अवसर है और मैं शुरुआत करने का इंतजार नहीं कर सकता।”

मुख्य कोच मैकुलम ने पीटरसन का स्वागत करते हुए कहा, “मेरे मन में केपी के लिए बहुत सम्मान है और क्रिकेट में उन्होंने जो हासिल किया है, उसका मैं बहुत बड़ा प्रशंसक हूं। इंग्लैंड क्रिकेट पर उनका प्रभाव शानदार रहा है। उनके अनुभव, ज्ञान और कद का कोई व्यक्ति इस टीम के साथ भूमिका निभाना चाहता है, यह हमारे लिए शानदार है।”

उन्होंने कहा, “मैं विशेष रूप से हमारे बल्लेबाजों के लिए उनके साथ काम करने के अवसर को लेकर उत्साहित हूं। केपी को इस बात की अनूठी समझ है कि उच्चतम स्तर पर प्रदर्शन करने के लिए क्या करना पड़ता है और यह हमारे खिलाड़ियों के लिए बेहद उपयोगी होगा। हमने हमेशा एक-दूसरे का सम्मान किया है और खेल में एक-दूसरे के योगदान की सराहना की है। इसलिए मैं उनके साथ काम करने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।”

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.