September 09, 2026

रिजिजू जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए आयोजित 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

नई दिल्ली, 09 सितंबर । केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू गुरुवार को जवाहर नवोदय विद्यालयों के लिए आयोजित 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता (2025-26) के पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता करेंगे। समारोह यहां संसद भवन परिसर के संसद पुस्तकालय भवन के जीएमसी बालयोगी सभागार में आयोजित होगा। इस दौरान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों और विद्यालयों को पुरस्कार एवं शील्ड प्रदान की जाएंगी।

संसदीय कार्य मंत्रालय ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उखरूल-1, मणिपुर (शिलांग क्षेत्र) के विद्यार्थी युवा संसद की विशेष बैठक का पुन: मंचन करेंगे। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए विद्यालय को रनिंग पार्लियामेंट्री शील्ड और विजेता ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।

संसदीय कार्य मंत्रालय पिछले 30 वर्षों से देशभर के जवाहर नवोदय विद्यालयों में युवा संसद प्रतियोगिताओं का आयोजन कर रहा है। वर्ष 2025-26 में आयोजित 27वीं राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता में नवोदय विद्यालय समिति के आठ क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले 100 विद्यालयों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्म-अनुशासन, विभिन्न विचारों के प्रति सहिष्णुता, स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक अभिव्यक्ति तथा जीवन मूल्यों का विकास करना है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को संसद की कार्यप्रणाली, विधायी प्रक्रिया, स्वस्थ वाद-विवाद, वक्तृत्व कला और नेतृत्व क्षमता से परिचित कराना भी इसका उद्देश्य है।

राष्ट्रीय विजेता विद्यालय के अलावा सात क्षेत्रों में प्रथम स्थान हासिल करने वाले विद्यालयों को भी मेरिट ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इनमें हैदराबाद क्षेत्र से पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, कोल्लम (केरल), चंडीगढ़ क्षेत्र से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, ठियोग, शिमला (हिमाचल प्रदेश), जयपुर क्षेत्र से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, सूरतगढ़, श्रीगंगानगर-II (राजस्थान), भोपाल क्षेत्र से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, मल्हार, बिलासपुर (छत्तीसगढ़), पुणे क्षेत्र से पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, वलसाड (गुजरात), पटना क्षेत्र से पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, पुरुलिया (पश्चिम बंगाल) और लखनऊ क्षेत्र से पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) शामिल हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.