September 09, 2026

यूएस ओपन में बेन शेल्टन ने ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्कराज को हराया

न्यूयॉर्क, 09 सितंबर । बेन शेल्टन ने बुधवार तड़के बड़ा उलटफेर करते हुए गत चैंपियन स्पेन के कार्लोस अल्कराज को पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में 6-7(5), 6-1, 6-3, 1-6, 7-6(10-7) से हराकर यूएस ओपन 2026 के सेमीफाइनल में जगह बना ली। इसके साथ ही अमेरिकी खिलाड़ी ने फ्रांसेस टियाफोए के खिलाफ ऑल-अमेरिकन सेमीफाइनल तय कर दिया।

शेल्टन और अल्कराज के बीच मुकाबला चार घंटे 28 मिनट चला और टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे देर से समाप्त होने वाला मुकाबला बन गया। मैच मंगलवार रात 11 बजकर पांच मिनट पर शुरू हुआ और बुधवार सुबह 3 बजकर 33 मिनट पर समाप्त हुआ।

सात बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन अल्कराज का ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में अमेरिकी पुरुष खिलाड़ियों के खिलाफ रिकॉर्ड 13-0 था, लेकिन शेल्टन ने इस सिलसिले को तोड़ दिया। स्पेनिश खिलाड़ी ने पहला सेट कड़े टाईब्रेक में जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन दूसरे सेट में उनकी गलतियों का फायदा उठाते हुए शेल्टन ने 6-1 से सेट अपने नाम कर लिया।

शेल्टन ने तीसरा सेट 6-3 से जीतकर मुकाबले में बढ़त बना ली। हालांकि, करीब पांच महीने बाद कलाई की चोट से वापसी कर रहे अल्कराज ने चौथे सेट में शानदार वापसी की और 6-1 से सेट जीतकर मुकाबला निर्णायक पांचवें सेट में पहुंचा दिया।

निर्णायक सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। अल्कराज ने ब्रेक के दौरान तौलिये में उल्टी भी की, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने शेल्टन को कड़ी चुनौती दी। दोनों खिलाड़ी 12 गेम तक बराबरी पर रहे और अंत में शेल्टन ने मैच टाईब्रेक में 10-7 से जीत दर्ज कर बड़ा उलटफेर कर दिया।

शेल्टन की जीत से यूएस ओपन में अमेरिकी पुरुष टेनिस के लिए उम्मीदें बढ़ गई हैं। सेमीफाइनल में उनका सामना हमवतन फ्रांसेस टियाफोए से होगा, जिन्होंने इससे पहले एलेक्स माइकलसन को पांच सेटों में हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी।

अमेरिकी पुरुष खिलाड़ी ने आखिरी बार 2003 में एंडी रॉडिक के जरिये फ्लशिंग मीडोज में ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था। अब शेल्टन और टियाफोए की भिड़ंत से घरेलू प्रशंसकों की 23 साल से चले आ रहे इंतजार को खत्म करने की उम्मीदें फिर मजबूत हुई हैं।

Related Post

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.