September 16, 2026

कांग्रेस ने मोदी सरकार की विदेश व व्यापार नीति की निंदा की

नई दिल्ली, 16 सितंबर । कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अमेरिकी टैरिफ और व्यापार नीति को लेकर केंद्र सरकार की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अमेरिकी दबाव के सामने झुक रही है, जिसका खामियाजा देश के 140 करोड़ नागरिकों, किसानों और उद्योगों को भुगतना पड़ रहा है।

खरगे ने बुधवार को एक्स पोस्ट में कहा कि भारतीय वस्तुओं पर अमेरिका द्वारा 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की हालिया चेतावनी सरकार की विदेश एवं व्यापार नीतियों की विफलता को दर्शाती है। पहले 25 प्रतिशत, फिर 50 प्रतिशत और अब 100 प्रतिशत टैरिफ का खतरा सामने है। इससे देश के दवा उद्योग, कपड़ा, इंजीनियरिंग सामान, रसायन, ऑटो कंपोनेंट्स, रत्न एवं आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रौद्योगिकी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को भारी झटका लग सकता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि एक तरफ भारतीय सामानों पर भारी आयात शुल्क का खतरा मंडरा रहा है, तो वहीं दूसरी तरफ मोदी सरकार ने एक ऐसे व्यापार ढांचे (ट्रेड फ्रेमवर्क) पर सहमति जताई है, जिससे भारतीय कृषि क्षेत्र में अमेरिकी उत्पादों की पहुंच आसान होगी। खरगे ने इसे देश के किसानों के हितों को गिरवी रखने वाला कदम बताया। उन्होंने दावा किया कि इस व्यापार समझौते के तहत भारत को अगले पांच वर्षों में 500 अरब डॉलर के अमेरिकी सामान खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

खरगे ने यूपीआई पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) के मुद्दे का उल्लेख करते हुए इसे सरकार की कमजोरी का ताजा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि टैरिफ और व्यापार से लेकर एच-1बी वीजा और डिजिटल भुगतान तक के मामलों में वॉशिंगटन का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

hindnesri24news@gmail.com

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.