मणिपुर में मादक पदार्थ बरामद, उग्रवादी समेत कई गिरफ्तार
इंफाल, 23 सितंबर । मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में एक सक्रिय उग्रवादी समेत कई लोगों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान मादक पदार्थों और अवैध शराब की बड़ी खेप भी बरामद की गई।
पुलिस ने बुधवार काे बताया कि लिलोंग थाना की एक टीम ने नुंगई निंगथिबी बाजार इलाके से गुलाम सैयद आजाद (50) को गिरफ्तार किया। वह स्व. मोहम्मद अब्दुल समद का पुत्र है। उसके कब्जे से प्रतिबंधित 208 ट्रामाडोल कैप्सूल, 583 अल्प्राजोलम कैप्सूल और 111 डायजेपाम टैबलेट बरामद किए गए।
इसी क्रम में मंगलवार को सीडीओ यूनिट काकचिंग और 43 असम राइफल्स की संयुक्त टीम ने वाईखोंग थाना क्षेत्र के लामजाओ मायाई लीकाई इलाके से पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान 23 वर्षीय मैबाम गुनामणि उर्फ मेरिक सिंह के रूप में हुई है। वह काकचिंग जिले के लामजाओ मायाई लीकाई निवासी मैबाम मणि सिंह का पुत्र है।
एक अन्य अभियान में हीनगांग थाना पुलिस, क्यूएटी और 86वीं बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने 22 सितंबर को मत्रीपुखरी में पंजीकरण संख्या एमएन03 टी-2080 वाली यात्री बस को रोका। तलाशी के दौरान बस में छिपाकर रखी गई करीब 2.1 किलोग्राम वजन की 20,000 संदिग्ध याबा टैबलेट बरामद की गईं। इस मामले में लिलोंग उसोईपोकपी निवासी 37 वर्षीय मोहम्मद अनीस खान और लिलोंग हाओरेइबी माखा लीकाई निवासी 36 वर्षीय कोरिमायुम नुरुल हक को गिरफ्तार किया गया। मामले की जांच जारी है।
वहीं, इम्फाल पश्चिम जिला पुलिस ने मंगलवार को न्यू कीथेलमानबी चेकपोस्ट पर पंजीकरण संख्या एएस01 जीसी-9218 वाले टाटा ट्रक को रोका। ट्रक चालक 31 वर्षीय क्ष. शीतलजीत सिंह, यैरिपोक अंगथा मणिंग लीकाई निवासी, के वाहन की तलाशी में शराब की 50 पेटियां बरामद हुईं। इनमें कुल 1,224 बीयर कैन और आईएमएफएल की बोतलें थीं। बरामद शराब, वाहन और चालक को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कीथेलमानबी आबकारी थाने को सौंप दिया गया।