September 24, 2026

एशियाई खेल: सतनाम- सलमान ने रोइंग में जीता कांस्य, बलराज पंवार पदक से चूके

आइची-नगोया (जापान), 24 सितंबर । भारतीय रोइंग जोड़ी सतनाम सिंह और सलमान खान ने एशियाई खेल 2026 में पुरुष डबल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारत की पदक संख्या में इजाफा किया। वहीं, पुरुष सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार पदक जीतने से चूक गए और चौथे स्थान पर रहे।

सतनाम और सलमान ने गुरुवार को फाइनल में 6 मिनट 13.25 सेकंड का समय निकाला। वे स्वर्ण पदक जीतने वाली चीन की यी शुदी और नी यिदे की जोड़ी से 3.48 सेकंड पीछे रहे। उज्बेकिस्तान के मेखरोजबेक मामातकुलोव और पावेल सोरिन ने रजत पदक जीता।

भारतीय जोड़ी ने रेस के शुरुआती चरण में शानदार प्रदर्शन किया। सतनाम और सलमान 500 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर बने रहे। एक समय वे चीनी जोड़ी से केवल आधा सेकंड पीछे थे, लेकिन आखिरी चरण में उनकी रफ्तार थोड़ी कम हुई और उन्हें कांस्य से संतोष करना पड़ा।

पुरुष सिंगल स्कल्स के फाइनल में बलराज पंवार भी पदक की दौड़ में बने हुए थे। वह 500 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर तक दूसरे स्थान पर रहे, लेकिन अंतिम 500 मीटर में उज्बेकिस्तान के शखबोज खोल्मुर्जाएव और जापान के तात्सुया सकुरामा ने उन्हें पीछे छोड़ दिया। बलराज चौथे स्थान पर रहे।

एशियाई खेलों में भारत के पदकों की संख्या 14 हो गई है। भारत के खाते में अब तक एक स्वर्ण, छह रजत और सात कांस्य पदक हैं।

Advertisement








Tranding News

Get In Touch

[email protected]

Follow Us

© Hind Kesari24. All Rights Reserved.